23 जुलाई 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

नगरपालिका में अधिकारियों के पद रिक्त, कामकाज प्रभावित

2 min read
Google source verification

जयपुर

image

Newsdesk

Jul 23, 2026

Rajasthan

सपोटरा. नगर पालिका सपोटरा में अधिकारियों के तबादलों के बाद प्रशासनिक व्यवस्था प्रभावित हो गई है। प्रमुख पद रिक्त होने से आमजन के कई जरूरी कार्य लंबित पड़े हैं। जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, पट्टा, अनापत्ति प्रमाण पत्र सहित अन्य प्रशासनिक कार्यों के लिए लोगों को लगातार नगर पालिका कार्यालय के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं।


स्वायत्त शासन विभाग की ओर से 10 जुलाई को जारी आदेश के अनुसार अधिशासी अधिकारी दीपक चौहान का वजीरपुर, कनिष्ठ अभियंता का गंगापुर सिटी तथा अतिरिक्त प्रशासनिक अधिकारी ओमप्रकाश आर्य का भांडारेज (दौसा) स्थानांतरण कर उसी दिन कार्यमुक्त कर दिया गया। इसके बाद नगर पालिका में किसी अधिकारी को अतिरिक्त प्रभार नहीं दिया गया, जिससे प्रशासनिक कार्यों का निस्तारण प्रभावित हो गया है।

हालांकि नगर पालिका में कंप्यूटर ऑपरेटर सहित कुछ अन्य कार्मिक ठेका व्यवस्था पर कार्यरत हैं। सफाई व्यवस्था का ठेका होने से नगर क्षेत्र में नियमित सफाई कार्य जारी है, लेकिन अधिकारियों के अभाव में प्रशासनिक कार्य ठप पड़े हैं। शहरी सेवा शिविरों के फॉलोअप शिविर भी प्रभावी ढंग से संचालित नहीं हो पा रहे हैं।

प्रमाण पत्र और पट्टों के लिए लग रहे चक्कर

नगर पालिका पहुंचने वाले लोगों का कहना है कि जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, अनापत्ति प्रमाण पत्र, पट्टे तथा अन्य आवश्यक कार्यों के लिए वे कई दिनों से कार्यालय के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी नहीं होने से उनके कार्य पूरे नहीं हो पा रहे हैं। कई फाइलें लंबित पड़ी हैं, जिससे आमजन को परेशानी उठानी पड़ रही है।

उच्च अधिकारियों को कराया अवगत

उपखंड अधिकारी पंकज बडगूजर ने बताया कि नगर पालिका में रिक्त पदों की स्थिति से उच्च अधिकारियों को अवगत करा दिया गया है। उन्होंने कहा कि स्थानांतरण विभागीय प्रक्रिया का हिस्सा है। अधिशासी अधिकारी के अतिरिक्त प्रभार के संबंध में जिला कलेक्टर को भी अवगत कराया गया है, ताकि जल्द ही व्यवस्था सुचारु हो सके।

मंडरायल नगर पालिका में भी समस्या

उधर, नगर पालिका मंडरायल में भी हालात चिंताजनक बने हुए हैं। अधिशासी अधिकारी के एपीओ होने तथा कनिष्ठ अभियंता रश्मि मीना के गंगापुर सिटी स्थानांतरण के बाद वहां कोई नियमित अधिकारी नहीं बचा है। इसके कारण नगर पालिका के प्रशासनिक कार्य प्रभावित हो रहे हैं और आमजन के कई जरूरी काम लंबित पड़े हैं।

नगरवासियों ने स्वायत्त शासन विभाग से दोनों नगर पालिकाओं में शीघ्र अधिकारियों की नियुक्ति अथवा अतिरिक्त प्रभार की व्यवस्था करने की मांग की है, ताकि लंबित कार्यों का समय पर निस्तारण हो सके और लोगों को राहत मिल सके।

फोटो कैप्शन-
सपोटरा- नगर पालिका कार्यालय, जहां अधिकारियों के पद रिक्त होने से प्रशासनिक कार्य प्रभावित हो रहे हैं।