
शाहपुरा/राड़ावास। विधानसभा में सोमवार को संसदीय कार्यमंत्री शांति धारीवाल द्वारा दिए गए वक्तव्य पर वीरांगना मंजू देवी जाट काफी गुस्से में है। वीरांगना का कहना है कि मंत्री किस आधार पर नाते की बात कह रहे हैं उनके पास क्या सबूत है। उनमें हिम्मत है तो मेरे सामने आकर बात करें। मंगलवार को पत्रिका से विशेष बातचीत में वीरांगना ने यह बता कही। मंजू ने कहा कि मंत्री बदतमीजी कर रहे हैं, उनके घर में भी बहन-बेटी होगी। उस समय तो घोषणा कर दी अब वादे से मुकर रहे हैं।
वीरांगना बोली मुख्यमंत्री हमसे क्यों नहीं मिल रहे
मंजू ने कहा कि मुख्यमंत्री दूसरी वीरांगनाओं को बुलाकर उनसे मिल रहे हैं, लेकिन हम न्याय की भीख मांग रही वीरांगनाओं से नहीं मिल रहे। मुख्यमंत्री दो मिनट का समय दे देते और हां ना का आश्वासन दे देते तो ठीक रहता।
13 दिन से कुछ नहीं खाया, तबीयत खराब
जयपुर में हरमाड़ा में किराए के मकान में रह रही वीरांगना मंजू देवी ने बताया कि उसकी तबीयत अभी भी खराब चल रही है, पिछले 13 दिन से कुछ खाया नहीं है। शरीर में कमजोरी आ गई है। समय पर दवाई भी नहीं दे रहे। हमनें ऐसा क्या गुनाह कर दिया जो हमारे घर पर पुलिस का पहरा बैठा रखा है। 24 घंटे पुलिसकर्मी तैनात हैं। मैं घूमने फिरने के लिए भी बाहर निकलती हूं तो पुलिस वाले पूछते हैं कि कहां जा रही हो। पुलिसवालों से इस बारे में पूछा जाता है तो कहते हैं कि आपकी सुरक्षा के लिए तैनात हैं।
टीम ने की स्वास्थ्य जांच
मंगलवार दोपहर बाद वीरांगना की मेडिकल टीम ने स्वास्थ्य की जांच कर दवाई दी। परिजनों ने बताया कि पुलिस द्वारा वीरांगना से मिलने पर कोई रोकटोक नहीं की जा रही है। पता नहीं पुलिस किस बात को लेकर यहां तैनात है।
पुलिस पर लगाया मारपीट का आरोप
मंजू ने बताया कि राज्यसभा सांसद डॉ.किरोड़ीलाल मीणा के साथ नार्मल तरीके से मुख्यमंत्री से मिलने गए थे, पुलिस ने हमको मिलने नहीं दिया और मारपीट की। उसने आरोप लगाया कि उनका धरना भी जबरन पुलिस ने समाप्त करा दिया और मारपीट की गई। सरकार को दोषी पुलिस कर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करनी चाहिए और आगे भी वो न्याय के लिए लड़ती रहेगी।
किरोड़ी मीणा ने प्रतिनिधि भेजकर पूछे हालचाल
घर पर बीमार मंजू जाट का हालचाल पूछने के लिए मंगलवार को सांसद डॉ.किरोड़ी मीणा ने अपने मीडिया प्रभारी सतीश कुमार को भेजा और वीरांगना की कुशलक्षेम पूछी। उन्होंने बताया कि उसकी तबीयत खराब है।
Published on:
15 Mar 2023 03:05 pm

बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
