10 जून 2026,

बुधवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Rajasthan Weather : सुबह शाम में सिमटी सर्दी… अगले सप्ताह फिर पलटवार

ज्यादातर जिलों में रात में उछला पारा, अलवर में मौसम सर्द, रात में पारा 5.8 डिग्री दर्ज, शेखावाटी अंचल में सर्दी से आंशिक राहत, 19- 20 फरवरी को कई जिलों में बारिश के आसार

2 min read
Google source verification
Rajasthan Weather:  शहर में 10 साल में चौथी सबसे ठंडी फरवरी

Rajasthan Weather: शहर में 10 साल में चौथी सबसे ठंडी फरवरी

जयपुर। प्रदेश में अगले तीन चार दिन सर्दी के तीखे तेवर नरम रहने वाले हैं। हालांकि अगले सप्ताह की शुरूआत में फिर से सर्दी का पलटवार होने की आशंका है। प्रदेश के ज्यादातर जिलों में दिन में धूप की तपिश अब महसूस हो रही है। वहीं सर्दी का असर अब सुबह शाम के समय में बना रहा है। मौसम विभाग ने आगामी 19-20 फरवरी को प्रदेश के उत्तर पश्चिम और उत्तरी इलाकों में कहीं कहीं हल्की बौछारें गिरने का अलर्ट जारी किया है।

पारे में उतार चढ़ाव, सर्दी तेवर ढीले
जयपुर समेत प्रदेश के कई इलाकों में दिन में पारा सामान्य से अधिक दर्ज हो रहा है। दिन में धूप के तीखे तेवर भी अब महसूस होने लगे हैं और सर्दी का जोर अब नरम पड़ने लगा है। बीती रात अलवर जिले में न्यूनतम तापमान 5.8 डिग्री रहा जो मैदानी इलाकों में सबसे कम रहा है। वहीं शेखावाटी अंचल में बीती रात पारे की सीधी चाल रहने पर अब तापमान सामान्य हो गया है। पारे में तीन डिग्री तक बढ़ोतरी होने से अंचल के बाशिंदों को सर्दी से थोड़ी राहत मिलने लगी है।

कहां कितना रहा न्यूनतम तापमान
बीती रात प्रदेश के ज्यादातर जिलों में पारा औसत या उससे अधिक दर्ज किया गया। अजमेर 11.8, भीलवाड़ा 9, जयपुर 12.2, सीकर 10, कोटा 10.1, चित्तौड़ 9.2, डबोक 10.6, डूंगरपुर 15.8, सिरोही 12.4, करौली 12.4, बाड़मेर 13.4, जैसलमेर 10, जोधपुर शहर 13.1 फलोदी 13.2, बीकानेर 13.3, चूरू 8.6, श्रीगंगानगर 8.8 और जालोर में न्यूनतम तापमान 12.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। श्रीगंगानगर जिले के सिदुवाला और लाधुवाला क्षेत्र में सुबह घना कोहरा छाया रहा।

तीन दिन शुष्क मौसम, फिर बारिश संभव
मौसम केंद्र जयपुर के अनुसार प्रदेश में अगले तीन दिन मौसम का मिजाज शुष्क रहेगा। आगामी 19-20 फरवरी को विक्षोभ के असर से प्रदेश के उत्तर पश्चिम व उत्तरी इलाकों में कहीं कहीं बारिश होने की संभावना है। जयपुर और कोटा संभाग में अगले 24 घंटे में तापमान सामान्य से कम रहने व अन्य संभागों में पारा सामान्य रहने के आसार हैं।