
जयपुर।
मौसम विभाग की ओर से राजस्थान में भारी बारिश की चेतावनी के बीच मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने प्रदेशवासियों को सतर्क रहने की सलाह दी है। उन्होंने मौसम की इन परिस्थितियों में एकदूसरे की मदद करने की भी अपील की है। राजे ने ट्वीट करते हुए लिखा है, ''राजस्थान के 10 जिलों सहित उत्तरी भारत में मौसम विभाग द्वारा जारी भारी बारिश की चेतावनी को देखते हुए प्रशासन अलर्ट है। कोटा के पास चम्बल नदी में उफान की खबरें भी मिली है। किसी भी तरह की विषम परिस्थितियों से निपटने के लिए सभी सतर्क रहें तथा एक-दूसरे की सहायता जरूर करें।''
भारी बारिश की संभावना बरकरार
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार बंगाल की खाड़ी में बने निम्न वायुदाब क्षेत्र के असर से दक्षिण-पश्चिमी मानसून महाराष्ट्र और पश्चिमी मध्यप्रदेश में सक्रिय है। मानसून टर्फ लाइन कोटा-जैसलमेर से होकर गुजर रही है। ऐसे में अगले 48 घंटे में प्रदेश के दक्षिण-पश्चिमी जिलों में बारिश होने की उम्मीद है।
दो दिन मूसलाधार बारिश होने की संभावना
मौसम विभाग ने अगले दो दिन में प्रदेश के कई जिलों में मूसलाधार बारिश होने के संकेत दिए हैं। हालांकि अभी के बीते चौबीस घंटे में प्रदेश के पूर्वी और पश्चिमी जिलों में बारिश का दौर थोड़ा सुस्त पडऩे लगा है।
बीते चौबीस घंटे में पूर्वी व पश्चिमी राजस्थान के कुछ हिस्सों में हल्की व मध्यम दर्ज़े की बारिश रिकॉर्ड हुई है। हालांकि ज्यादातर हिस्सों में बादलों की आवाजाही लगातार बनी हुई है, लेकिन मौसम तंत्र में हो रहे बदलाव के कारण बारिश का दौर थोड़ा सुस्त पड़ गया है।
बारां के किशनगंज में 69 और अटरू में 55 और छीपाबड़ौद में 52 मिमी पानी बरसा वहीं अजमेर में 50.6 मिमी बारिश मापी गई। भादरा 60, झालावाड़ के डग में 85, कालीसिंध डेम 60, जोधपुर के भोपालगढ़ में 45, पाली के गजनाई 65 मिमी बारिश हुई।
भारी बारिश की ये है चेतावनी
मौसम विभाग ने पहले ही राजस्थान में मानसून के चलते कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी दी हुई है। पिछले दिनों भी प्रदेश में कई जिलों में मानसून मेहरबान रहा है। राजस्थान में उदयपुर, अलवर, राजसमंद, सवाईमाधोपुर, नाथद्वारा, कोटा और आस पास के जिलों में तेज बारिश हुई। राजधानी जयपुर में भी कई इलाकों में हल्की से तेज़ बारिश हो चुकी है।
जारी किया गया है अलर्ट
प्रदेश में मौसम विभाग ने भारी वर्षा का अलर्ट जारी किया हुआ है। मौसम विभाग ने राजस्थान के 16 शहरों में भारी वर्षा की चेतावनी जारी की हुई है। विभाग के अलर्ट के मुताबिक राजस्थान में 20 जुलाई तक भारी बारिश का अलर्ट है। 17-18 जुलाई को पश्चिम राजस्थान में व 19-20 जुलाई को पूर्वी राजस्थान में भारी बारिश का कहर मंडरा रहा है।
जयपुर समेत इन 16 जिलों में है चेतावनी
मौसम विभाग के अनुसार राजस्थान में जयपुर, अजमेर, बारां, भरतपुर, भीलवाड़ा, बूंदी, चित्तौडग़ढ़, दौसा, डूंगरपुर, झालावाड़, करौली, कोटा, प्रतापगढ़, राजसमंद, सवाई माधोपुर, उदयपुर टोंक, पाली, जालोर, जोधपुर, नागौर, पाली में भारी बारिश की चेतावनी है। मौसम विभाग ने राजस्थान में 20 जुलाई तक भारी बारिश की चेतावनी दी हुई है। साथ ही आगामी दिनों के तापमान में भी आंशिक गिरावट होने की उम्मीद है।
जयपुर में हुई हल्की बारिश
राजधानी में मंगलवार रात छिटपुट बौछारें गिरी, लेकिन रात के तापमान में हुई बढ़ोतरी से उमस और गर्मी के तेवर तीखे बने रहे। बुधवार सुबह शहर में बादलों की आवाजाही रही और शहर के झालाना, जेएलएन रोड, टोंक रोड समेत जयपुर एयरपोर्ट पर छितराई बौछारें गिरी। सुबह बौछारें थमते ही आसमान से बादल छंटे और खिली धूप ने तीखी चुभन का अहसास कराया। बुधवार सुबह नौ बजे अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। स्थानीय मौसम केंद्र ने फिलहाल शहर में छितराए बादल छाए रहने व हल्की बूंदाबांदी होने की संभावना जताई है।
Updated on:
18 Jul 2018, 11:04 AM IST
Published on:
18 Jul 2018, 11:03 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.