
जयपुर में शनिवार को दोपहर बाद जनपथ पर आई धूलभरी आंधी। फोटो पत्रिका
Weather Update 24 May : राजस्थान के कुछ हिस्सों में आज मौसम राहतभरा हो सकता है। मौसम विभाग ने आज रविवार को राजस्थान के 4 जिलों के लिए मेघगर्जन, तूफानी हवा का येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग की नई भविष्यवाणी के अनुसार प्रदेश के श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, बीकानेर, चूरू जिले में कहीं-कहीं हल्के से माध्यम बारिश मेघगर्जन और गरज चमक के साथ अचानक तेज हवाएं चलने की संभावनाएं जताई हैं। इसकी गति 30-40 KMPH रहने का अनुमान है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 4-5 दिन पारा बढ़ेगा और लू चलेगी। इसके साथ ही कल सोमवार 25 मई से नौतपा शुरू होने जा रहा है।
आंधी और बूंदाबांदी के बाद अब प्रदेशवासियों को तीखी गर्मी का सामना करना पड़ेगा। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 4 से 5 दिनों के दौरान राजस्थान के अधिकांश भागों में मौसम साफ रहेगा, जिससे धूप का असर बढ़ेगा। इस दौरान अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की और बढ़ोतरी होने की प्रबल संभावना है। तापमान बढ़ने के साथ ही राज्य के पूर्वी और पश्चिमी दोनों ही अंचलों में कहीं-कहीं झुलसाने वाली 'हीटवेव' (लू) चलने के आसार हैं।
प्रदेश में लोगों को एक ओर जहां भीषण गर्मी झेलनी पड़ रही है वहीं, दूसरी ओर लोगों को उमस से परेशानी झेलनी पड़ रही है। राज्य में शनिवार को जहां कुछ जिलों को आंधी और हल्की बारिश से फौरी राहत मिली है।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, वर्तमान में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के असर से शनिवार को राज्य के शेखावाटी क्षेत्र के साथ-साथ जयपुर और भरतपुर संभाग के कुछ इलाकों में मौसम का मिजाज बदला। इस दौरान इन क्षेत्रों में बादलों की गर्जना के साथ 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चलने और हल्की बूंदाबांदी हुई। बारिश के बाद यहां तीन से चार डिग्री तक पारे में गिरावट दर्ज हुई। जयपुर में पांच डिग्री तक पारा गिरा। हालांकि, राज्य के बाकी अधिकांश हिस्सों में मौसम साफ रहा।
राजस्थान में शनिवार को सबसे अधिक पारा जैसलमेर में 45.9 डिग्री दर्ज किया गया। आठ जिलों में पारा 44 डिग्री से अधिक दर्ज किया गया। वनस्थली में 44.1, पिलानी में 44.2, चित्तौडगढ़ में 44, बाड़मेर में 45.1, फलोदी में 45, बीकानेर में 44.9, श्रीगंगानगर में 44.6 डिग्री पारा दर्ज किया गया। वहीं, बीकानेर में सबसे अधिक न्यूनतम तापमान 32.2 डिग्री दर्ज किया गया।
जयपुर का मौसम आज रविवार को बेहद सुहावना है। ठंडी हवाएं राहत पहुंचा रहीं हैं। सुबह 6 बजे तापमान 31 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं आज जयपुर का अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम 31 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
भारतीय मौसम केन्द्र के अनुसार 20 जून को मानसून के राजस्थान के प्रवेश की संभावना है, यह सबसे पहले डूंगरपुर-बांसवाड़ा से टकरा सकता है इसके बाद 25 जून को झालावाड़ में प्रवेश करने के बाद पश्चिमी राजस्थान की ओर बढ़ेगा। 30 जून तक आधे राज्य में पूरी तरह छाने के बाद इसके 5 जुलाई तक पश्चिमी राजस्थान में पहुंचने की संभावना है।
Updated on:
24 May 2026 06:29 am
Published on:
24 May 2026 06:28 am
बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
