
जयपुर के क्लब से 35 लोग गिरफ्तार (फोटो-एआई)
Jaipur Bar Club: राजधानी जयपुर में देर रात तक हुड़दंग मचाने वाले बार और क्लबों पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। नियमों को ताक पर रखकर संचालित होने वाले और शांति व्यवस्था बिगाड़ने वाले क्लबों के खिलाफ जयपुर पुलिस ने अब पूरी तरह से कमर कस ली है। इसी कड़ी में पुलिस ने दो बड़ी कार्रवाइयों को अंजाम देते हुए एक क्लब से 35 लोगों को गिरफ्तार किया है, जबकि दूसरे क्लब को सील कर दिया है।
पुलिस उपायुक्त (दक्षिण) राजर्षि राज के निर्देशन में 15 जुलाई को शहर के विभिन्न क्लबों और बार में औचक निरीक्षण का एक विशेष अभियान चलाया गया। इस कार्रवाई के तहत जांच के दौरान पुलिस टीम जब सहकार मार्ग स्थित जैक्सन बार क्लब पहुंची, तो वहां भारी अव्यवस्था देखने को मिली। क्लब के भीतर कई लोग शराब के नशे में जमकर हुड़दंग और उत्पात मचा रहे थे। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए शांतिभंग के आरोप में 35 लोगों को गिरफ्तार कर लिया।
नियमों की अनदेखी पाए जाने पर मानसरोवर के आतिश मार्केट स्थित 'इक्का क्लब' के खिलाफ सख्त एक्शन लिया गया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए इस क्लब को मौज-मस्ती और नियमों के उल्लंघन के आरोप में सील कर दिया है। साथ ही नगर निगम को इस संबंध में अग्रिम और उचित कानूनी कार्रवाई के लिए पत्र भी भेज दिया गया है।
डीसीपी राजर्षि राज ने साफ किया है कि अब पुलिस प्रशासन और नगर निगम मिलकर शहर के सभी क्लबों व बार की संयुक्त जांच करेंगे। उन्होंने सख्त लहजे में निर्देश दिए हैं कि सभी बार और क्लबों को रात 12 बजे के बाद पूरी तरह से बंद करना अनिवार्य होगा। हर परिसर में पर्याप्त संख्या में सीसीटीवी कैमरे और ट्रेंड सुरक्षा गार्ड तैनात होने चाहिए। महिलाओं की सुरक्षा के लिए क्लब संचालकों को पुख्ता और पर्याप्त इंतजाम करने होंगे।
पुलिस ने जनता से अपील की है कि यदि कोई भी बार या क्लब नियमों के खिलाफ चलता पाया जाए, तो इसकी तुरंत सूचना आपातकालीन नंबर 112 या अपने नजदीकी थाने में दें। इसके अलावा, क्लबों में ड्रग्स की सप्लाई या किसी भी प्रकार के नशे के अवैध सेवन की गुप्त सूचना देने के लिए 'मिशन जागृति' हेल्पलाइन नंबर 9530424984 जारी किया गया है। नागरिक इस नंबर पर व्हाट्सएप के जरिए जानकारी साझा कर सकते हैं। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
Updated on:
16 Jul 2026 08:57 pm
Published on:
16 Jul 2026 08:57 pm
