
Siya-Ketan Case: केतन अग्रवाल और आरोपी सिया-चेतन (फोटो-पत्रिका नेटवर्क)
जयपुर। पुणे के चर्चित केतन अग्रवाल हत्याकांड में आरोपी सिया गोयल और चेतन चौधरी की कथित शादी को लेकर सामने आए दावों के बीच राजस्थान के प्रसिद्ध खाटूश्याम मंदिर का नाम भी चर्चा में आ गया है। हालांकि, मंदिर कमेटी और क्षेत्रीय पुलिस ने ऐसे किसी दावे की पुष्टि से इनकार किया है। वहीं, महाराष्ट्र पुलिस की ओर से जांच के तहत मंदिर परिसर से जानकारी जुटाने की बात सामने आई है।
समाचार एजेंसी एएनआई के अनुसार, पुणे ग्रामीण पुलिस की एक टीम केतन अग्रवाल हत्याकांड की जांच के सिलसिले में राजस्थान के खाटूश्याम मंदिर पहुंची थी। जांच का उद्देश्य उन खबरों की पुष्टि करना था, जिनमें दावा किया गया था कि सिया गोयल और चेतन चौधरी ने यहां गुपचुप तरीके से शादी की थी। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के हवाले से बताया गया कि जांच के दौरान मंदिर परिसर के सीसीटीवी फुटेज भी मांगे गए, लेकिन संबंधित अवधि के कोई फुटेज उपलब्ध नहीं हो सके।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि कथित शादी की आधिकारिक पुष्टि अभी तक नहीं हुई है। यह पूरी प्रक्रिया केवल मामले की जांच का हिस्सा है और पुलिस सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है।
इधर, राजस्थान पत्रिका ने मामले को लेकर खाटूश्यामजी मंदिर कमेटी और क्षेत्रीय पुलिस से संपर्क किया, जिसमें मामला कुछ अलग नजर आया। खाटूश्याम थाने के तत्कालीन थाना प्रभारी पवन चौबे ने कहा कि हाल के दिनों में महाराष्ट्र पुलिस ने इस मामले को लेकर उनसे कोई संपर्क नहीं किया है। उन्होंने बताया कि उन्हें सिया गोयल और चेतन चौधरी की कथित शादी या मंदिर में जांच से जुड़ी किसी कार्रवाई की जानकारी नहीं है।
वहीं, खाटूश्याम मंदिर कमेटी ने भी इस पूरे मामले पर अनभिज्ञता जताई है। मंदिर कमेटी के एक पदाधिकारी ने बताया कि मंदिर परिसर में शादी कराने की न तो कोई व्यवस्था है और न ही ऐसी कोई परंपरा है। इसलिए यह दावा कि सिया और चेतन ने मंदिर में शादी की, उसकी पुष्टि मंदिर प्रशासन नहीं कर सकता।
मंदिर कमेटी ने भी स्पष्ट किया कि हाल के दिनों में महाराष्ट्र पुलिस ने उनसे संपर्क नहीं किया है। इसके अलावा यह भी स्पष्ट किया कि मंदिर परिसर से जुड़े किसी भी सीसीटीवी फुटेज या अन्य जानकारी को बिना क्षेत्रीय पुलिस की जानकारी और विधिक प्रक्रिया के किसी भी एजेंसी को उपलब्ध नहीं कराया जाता। ऐसे मामलों में निर्धारित नियमों का पालन किया जाता है।
उधर, केतन अग्रवाल हत्याकांड में आरोपी सिया गोयल और चेतन चौधरी फिलहाल न्यायिक हिरासत में यरवदा सेंट्रल जेल में बंद हैं। उनकी न्यायिक हिरासत आज समाप्त हो रही है, जिसके बाद उन्हें आगे की सुनवाई के लिए अदालत में पेश किया जाएगा। पुलिस की जांच अभी जारी है और कथित शादी के दावे की भी पुष्टि की जा रही है।
इस बीच, मामले ने भावनात्मक मोड़ भी ले लिया है। मृतक केतन अग्रवाल की मां राखी अग्रवाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर अपने बेटे के लिए न्याय की गुहार लगाई है। उन्होंने पत्र में लिखा कि बेटे की निर्मम हत्या ने उनका पूरा परिवार बिखेर दिया है। उन्होंने कहा कि घर का हर कोना उन्हें केतन की याद दिलाता है और यह दर्द हर दिन और गहरा होता जा रहा है।
राखी अग्रवाल ने यह भी बताया कि बेटे की हत्या का सदमा उसके दादा सहन नहीं कर पाए और घटना के तीन सप्ताह के भीतर उनका भी निधन हो गया। परिवार ने मामले की निष्पक्ष और त्वरित जांच कर दोषियों को कड़ी सजा दिलाने की मांग की है। फिलहाल, पुलिस कथित शादी समेत मामले के हर पहलू की जांच में जुटी हुई है।
Updated on:
16 Jul 2026 05:24 pm
Published on:
16 Jul 2026 04:35 pm
