16 जुलाई 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

मदन राठौड़ बोले- ‘डोटासरा को RSS ज्वाइन करना चाहिए, उनके समय ट्रांसफर में चलता था पैसा’

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा पर तीखे हमले किए हैं। आरोप लगाया कि उनके शिक्षा मंत्री रहने के दौरान तबादलों में पैसे लिए जाते थे, जबकि भाजपा सरकार में ट्रांसफर प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी है। उन्होंने कहा कि डोटासरा चाहें तो RSS जॉइन कर सकते हैं और वहां जाकर स्वयं देख सकते हैं कि संगठन किस तरह काम करता है।
2 min read
Google source verification

जयपुर

image

Kamal Mishra

Jul 16, 2026

Madan Rathore

Jaipur: भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ (फोटो-पत्रिका)

जयपुर। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि उनके शिक्षा मंत्री रहने के दौरान तबादलों में पैसे लिए जाते थे। उन्होंने दावा किया कि वर्तमान भाजपा सरकार में तबादला प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी है और जरूरतमंद कर्मचारियों के कार्य नियमों के अनुसार किए जा रहे हैं। साथ ही उन्होंने कहा कि यदि डोटासरा चाहें तो राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) से जुड़कर उसके कामकाज को स्वयं देख सकते हैं।

जयपुर स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत के दौरान राठौड़ ने कहा कि डोटासरा जिस तरह के आरोप भाजपा सरकार पर लगा रहे हैं, उससे लगता है कि वह अपने कार्यकाल के अनुभव के आधार पर ऐसा सोचते हैं। उन्होंने कहा कि जब गोविंद सिंह डोटासरा शिक्षा मंत्री थे, तब तबादलों में पैसों के लेन-देन की शिकायतें सामने आती थीं।

अशोक गहलोत के कार्यक्रम की दिलाई याद

राठौड़ ने दावा किया कि तत्कालीन मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भी एक कार्यक्रम के दौरान शिक्षकों से सार्वजनिक रूप से पूछा था कि क्या तबादलों में पैसे लिए जा रहे हैं। उनके अनुसार, उस समय मौजूद शिक्षकों ने खड़े होकर भ्रष्टाचार होने की बात कही थी। उन्होंने कहा कि शायद इसी वजह से डोटासरा को लगता है कि भाजपा सरकार में भी ऐसा ही होता होगा, जबकि वास्तविकता इससे अलग है।

पारदर्शिता और सुशासन प्राथमिकता

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता पारदर्शिता और सुशासन है। उन्होंने कहा कि सभी लोगों के काम एक साथ होना संभव नहीं है, लेकिन सरकार की कोशिश रहती है कि वास्तविक जरूरतमंदों की समस्याओं का समाधान निष्पक्ष तरीके से किया जाए। उन्होंने दोहराया कि भाजपा सरकार में तबादलों में किसी प्रकार के पैसे नहीं लिए जाते।

RSS को करीब से देखना चाहिए

आरएसएस को लेकर पूछे गए सवाल पर मदन राठौड़ ने कहा कि गोविंद सिंह डोटासरा यदि संघ के बारे में जानना चाहते हैं तो उन्हें एक बार आरएसएस की गतिविधियों को नजदीक से देखना चाहिए। उन्होंने कहा कि आरएसएस एक सामाजिक और सांस्कृतिक संगठन है, जो राष्ट्रहित और चरित्र निर्माण के लिए कार्य करता है। उन्होंने यह भी कहा कि महात्मा गांधी भी अपने समय में संघ के एक कार्यक्रम में गए थे और वहां के अनुशासन की सराहना की थी। इसलिए डोटासरा चाहें तो आरएसएस से जुड़कर उसकी कार्यप्रणाली को समझ सकते हैं।

पंचायत-निकाय चुनाव पर भी बोले मदन राठौड़

पंचायत और निकाय चुनाव को लेकर राठौड़ ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी पूरी तरह चुनाव के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि भाजपा न्यायालय का सम्मान करती है और उसके निर्देशों का पालन करना अपना दायित्व मानती है। उन्होंने विपक्ष के चुनाव से बचने के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि भाजपा को चुनाव से भागने की कोई जरूरत नहीं है। राठौड़ ने दावा किया कि अब तक हुए उपचुनावों में भाजपा ने करीब 85 प्रतिशत सीटों पर जीत दर्ज की है, जिससे पार्टी का जनाधार स्पष्ट होता है।