Jaipur Crime News: राजधानी जयपुर में एक शादी के दौरान जरा सी लापरवाही से खुशियों में खलल पड़ गया। मारपीट और तोड़फोड़ तो हुई ही साथ ही पुलिस केस तक बन गया। दोनों पक्षों की ओर से क्रॉस केस दर्ज किया गया है। जिसमें दूल्हा पक्ष समेत दोनों पक्षों की ओर से करीब चालीस से भी ज्यादा लोग नामजद हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। कई लोगों को मेडिकल भी कराया गया है। बताया जा रहा है कि सारा विवाद शराब के नशे में घर में घुसकर एक नाबालिग लड़की से छेड़छाड़ का है।
प्रारंभिक जानकारी में सामने आया कि घटना 17 जून की रात की है। पता चला कि खानिया बंधा के नजदीक एक बारात बस के जरिए आई थी। दूल्हा और परिवार के सदस्य बस में मौजूद थे और साथ ही कुछ गाड़ियां भी थीं। इसी दौरान उन पर कुछ लोगों ने हमला किया। पत्थरों से सिर फोड़ दिए और डंडों से मारपीट की।
उसके बाद मामला भड़का तो पुलिस को सूचना दी गई। अचानक हुई इस अफरा-तफरी के दौरान शादी की खुशियों में खलल पड़ गया। दूल्हा पक्ष ने आरोप लगाया कि हमला करने वालों ने महिलाओं से गंदी हरकतें की और कपड़े फाड़ने की कोशिश की। दुल्हन पक्ष के पड़ोस में रहने वाले परिवार और उनके सहयोगियों के खिलाफ रिपोर्ट दी गई।
जबकि दुल्हन पक्ष के पड़ोस में रहने वाली महिला ने ट्रांसपोर्ट नगर थाने में रिपोर्ट दी कि उसकी 17 साल की बेटी घर में अकेली थी और रात करीब साढ़े नौ बजे के आसपास टीवी देख रही थी। इसी दौरान पड़ोस में शादी समारोह चल रहा था। उस समारोह में आए दूल्हे के कुछ रिश्तेदार युवक शराब के नशे में थे। वे अचानक घर में घुस गए और दरवाजा अंदर से बंद कर लिया। उसके बाद बेटी से छेडछाड़ की।
उसने शोर मचाया तो आसपास रहने वाले लोग वहां पहुंचे तो आरोपी दरवाजा खोलकर फरार हो गए। वे नजदीक ही चल रहे शादी समारोह में घुस गए। वहां जाकर उनको पकड़ा तो विवाद हो गया। इस विवाद के दौरान पीड़िता के घर में पत्थरबाजी कर दी गई। वाहनों को तोड़ दिया गया और बवाल मच गया। इस पूरे घटनाक्रम के बाद कई मेहमान और स्थानीय लोगों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दी गई है। पुलिस ने कई लोगों के मेडिकल कराए हैं। पुलिस ने दोनों केस में मारपीट, पोक्सो, लूटपाट, छेड़छाड़ और अन्य गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया है।
Updated on:
20 Jun 2025 01:17 pm
Published on:
20 Jun 2025 12:04 pm