
RajCop app: जयपुर। राजस्थान पुलिस का राजकॉप ऐप पर डवलप किया नया फीचर ’नीड हेल्प’ महिलाओं का मददगार बन रहा है। बुधवार सुबह एक युवती ने इस ऐप पर पुलिस से मदद मांगी, कुछ मिनट बाद ही मौके पर पहुंची पुलिस ने युवती से मारपीट व छेड़छाड़ करने वाले युवक को गिरफ्तार किया।
एससीआरबी के आइजी शरत कविराज ने बताया कि झुंझुनूं क्षेत्र की युवती जयपुर में रहकर फर्स्ट ग्रेड टीचर की कोचिंग कर रही है। युवती ने ऐप पर संदेश भेजा और बताया कि त्रिवेणी बत्ती के सामने उसके साथ एक लड़का छेड़छाड़ और अभद्रता कर उसका मोबाइल छीन रहा था।
सूचना पर महेश नगर थाना पुलिस की डायल 112 गाड़ी मौके पर पहुंची और सीकर के पाटन स्थित गांवली निवासी पवन तंवर (24) को थाने ले आई। तस्दीक के बाद केस दर्ज कर आरोपी को गिरतार किया। युवती ने बताया कि आरोपी पवन उसका क्लासमेट रहा है। प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए दोनों ही जयपुर में रहकर पढ़ाई कर रहे हैं। काफी समय से पवन उसे मैसेज और कॉल कर परेशान कर रहा था, तब उसने पवन का नंबर ब्लॉक कर दिया।
आज सुबह वह कोचिंग जा रही थी तो आरोपी ने उसे रोक लिया और छेड़छाड़ कर मोबाइल नंबर ब्लॉक करने पर गाली गलौज की। जब उसने मोबाइल से राजकॉप ऐप पर संदेश भेजा तो आरोपी ने मोबाइल छीनकर तोड़ दिया। उन्होंने बताया कि ऐप से मैसेज भेजा जा चुका था। ऐसे में मोबाइल तोड़ दिए जाने के बावजूद पुलिस को लोकेशन ट्रेस करने में परेशानी नहीं हुई।
आइजी एससीआरबी शरत कविराज ने बताया कि राजकॉप सिटीजन ऐप, राजस्थान पुलिस की एक ऐप है। इस ऐप से नागरिक सरकारी सेवाओं का लाभ उठा सकते हैं। इस ऐप में कई फीचर हैं, जैसे शिकायत दर्ज कराना, किराएदार का सत्यापन कराना, अपनी पंजीकृत शिकायत ट्रैक करना, महिला सुरक्षा से जुड़ी सुविधा, एसओएस पैनिक बटन सहित अन्य सुविधाएं हैं। राजकॉप सिटीजन ऐप में 'महिला सुरक्षा' सेक्शन में 'मदद चाहिए' टैब है, इस टैब पर क्लिक करके महिलाएं तुरंत पुलिस की मदद पा सकती हैं।
Updated on:
14 Feb 2025, 2:38 PM IST
Published on:
13 Feb 2025, 8:37 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.