14 अगस्त 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

रामदेवरा मेले में चारों तरफ उत्साह का माहौल

लोकदेवता बाबा रामदेव के मेले में मंगलवार को दिनभर भीड़ व गहमा गहमी देखने को मिली।
2 min read
Google source verification
jaisalmer

रामदेवरा मेले में चारों तरफ उत्साह का माहौल

पोकरण. लोकदेवता बाबा रामदेव के मेले में दिनभर भीड़ व गहमा गहमी देखने को मिली। चारों तरफ रंग बिरंगी ध्वजाएं लिए श्रद्धालुओं का उत्साह व श्रद्धा का माहौल चरम सीमा पर था। मेला चौक, मंदिर के मुख्य द्वार, मंदिर परिसर, स्टेशन रोड़, पोकरण रोड़ सभी मार्गों पर देश के कोने-कोने से आए हजारों की संख्या में श्रद्धालु नजर आ रहे थे। चारों तरफ बाबा के जयकारे लगाते पदयात्रियों के जत्थे व अन्य श्रद्धालु देखे जा सकते है। मंगलवार को ऐसा लग रहा था कि मानो पूरा हिन्दुस्तान ही रामदेवरा पहुंच गया हो। यहां आए हजारों श्रद्धालुओं ने देर रात तक बाबा की समाधि के दर्शन कर पूजा-अर्चना की। बाबा की समाधि के दर्शनों के लिए सोमवार की शाम पहुंचे अधिकांश श्रद्धालु मंदिर के मुख्य द्वार से नोखा धर्मशाला तक कतारों में खड़े हो गए तथा रात्रि एक बजे मंदिर बंद होने पर जो दर्शनार्थी कतार में जहां खड़ा था, वहीं सो गया तथा मंगलवार को अलसुबह तीन बजे जैसे ही मंदिर के द्वार खुले तो श्रद्धालु वहीं से उठकर बाबा के जयकारे लगाते हुए कतारों में लग गए। मंगलवार को श्रद्धालुओं की भीड़ के चलते दर्शनार्थियों को बाबा की समाधि तक पहुंचने में आठ से दस घंटे लग गए, लेकिन दर्शनार्थियों ने बिना हार माने बाबा की समाधि के देर रात तक भी दर्शन किए।

लम्बी ध्वजाएं लेकर पहुंचे श्रद्धालु
यहां आने वाले अधिकांश श्रद्धालु बाबा रामदेव की प्रिय ध्वजा लेकर रामदेवरा पहुंचे। जिससे मंगलवार को चारों तरफ छोटी बड़ी रंग बिरंगी ध्वजाएं ही ध्वजाएं दिखाई दे रही थी। यहां आए कई श्रद्धालु 6 0 फीट तक लम्बी तथा कई श्रद्धालु 30 फीट तक लम्बी ध्वजाएं लेकर पहुंचे। उन्होंने बाबा रामदेव के मंदिर में ध्वजाएं चढाकर अपनी आस्था का इजहार किया। कई श्रद्धालु मंदिर में ध्वजा लेकर नहीं पहुंच सके, तो उन्होंने रामसरोवर के किनारे पेड़ों व यहां तालाब के घाटों पर लगी बेरीकेडिंग पर भी ध्वजाएं बांध दी। जिसके चलते रामसरोवर के घाटों पर चारों तरफ रंग बिरंगी ध्वजाएं लहरा रही थी। (का.सं.)