
जैसलमेर से दिल्ली के लिए नए स्वर्णनगरी एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाने के अवसर पर आयोजित समारोह में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि सीमावर्ती क्षेत्र में रेल नेटवर्क का विस्तार करने के सिलसिले में अनूपगढ़ से खाजूवाला, बीकानेर, जैसलमेर, बाड़मेर होकर भाभर तक नई लाइन के कार्य के लिए प्रस्ताव विभिन्न चरणों में प्रगति पर है। इन लाइनों के निर्माण से आमजन को सुविधा होने के साथ-साथ सेना के रणनीतिक क्षेत्र में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। गौरतलब है कि नवनिर्मित जैसलमेर रेलवे स्टेशन पर रेल, सूचना एवं प्रसारण और इलेक्ट्रॉनिकी एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव एवं केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने जैसलमेर-दिल्ली (शकूरबस्ती) नई रेलसेवा की उद्घाटन स्पेशल रेलसेवा को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना।
इस मौके पर रेल मंत्री ने नई रेल सेवा को स्वर्णनगरी एक्सप्रेस के नाम से संचालित करने की घोषणा की। वैष्णव ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में आज भारतीय रेल उतरोत्तर प्रगति के पथ पर अग्रसर है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में हम भारतीय रेलवे की विकास यात्रा को नई ऊचाइयों की ओर ले जाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। रेल मंत्री ने कहा कि राजस्थान में रेल विकास को लेकर अभूतपूर्व कार्य हो रहे हैं जिसमे लगभग 55000 करोड़ रुपए के कार्य प्रगति पर है। रेल मंत्री ने कहा कि वर्तमान में प्रधानमंत्री की ओर से रेलवे को पर्याप्त बजट का आवंटन किया जा रहा है, जिसके फलस्वरूप रेल विकास को गति प्राप्त हुई है। उन्होंने बताया कि 2014 से पूर्व राजस्थान में प्रति वर्ष औसतन मात्र 680 करोड़ रुपए बजट आवंटित होता था, जो बढकऱ लगभग 10 हजार करोड़ रुपए हो गया है।
वैष्णव ने पोकरण स्टेशन पर रेल सुविधाओं के बारे में बताते हुए कहा कि रामदेवरा-पोकरण वाया भैरव गुफा, कैलाश टेकरी नई रेल लाइन का कार्य पूरा होने पर सभी गाडिय़ों का ठहराव इस स्टेशन पर किया जाएगा। इसके साथ ही उन्होंने अधिकारियों को इस लाइन का कार्य युद्ध स्तर पर करने के लिए दिशा निर्देश दिए। रेल मंत्री ने जन भावनाओं के अनुरूप शनिवार को संचालित होने वाली जैसलमेर-दिल्ली (शकूर बस्ती) एक्सप्रेस का नाम आज से ही स्वर्णनगरी एक्सप्रेस करने एवं जैसलमेर स्टेशन पर द्वितीय प्रवेश द्वार बनाने की भी घोषणा की। वैष्णव ने कोचिंग डिपो के कार्यों को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए, जैसलमेर से अधिक ट्रेनों का संचालन किया जा सके। उन्होंने जैसलमेर स्टेशन के रीडेवलपमेंट के बारे में बताते हुए कहा कि 140 करोड़ रुपए की लागत से इसका स्टेशन का कायाकल्प किया गया है तथा जल्द ही इसके शुभारंभ के लिए प्रधानमंत्री से आग्रह किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि राजस्थान में लगभग 4000 करोड़ रुपए की लागत से 85 स्टेशनों का पुनर्विकास कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि राजस्थान में रेलवे इन्फ्रास्ट्रक्चर के मजबूत होने के कारण 6 जोड़ी वन्दे भारत एवं 1 जोड़ी अमृत भारत सहित अन्य ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है एवं विगत 6 महीने में इस ट्रेन सहित 8 नई ट्रेनों का संचालन प्रारंभ किया गया है। इसके साथ ही उन्होंने जैसलमेर से जोधपुर तक लाइन के ट्रैक रिन्युअल के कार्य प्राथमिकता के आधार पर करने के लिए निर्देशित किया।
कार्यक्रम में गजेन्द्रसिंह शेखावत ने रेल मंत्री का आभार व्यक्त करते हुए अपने उद्बोधन में कहा कि हम सभी के लिए खुशी का क्षण है, क्योंकि आज जैसलमेर से दिल्ली शकूर बस्ती के लिए नई रेल सेवा का संचालन प्रारम्भ किया जा रहा है। यह केवल एक रेल सेवा का शुभारम्भ नहीं, बल्कि जैसलमेर के विकास, सुविधा और प्रगति की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। यह नई रेल सेवा जैसलमेर के पर्यटन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में सहायक सिद्ध होगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में विगत समय में अश्विनी वैष्णव ने राजस्थान के लिए अनेकों कार्यों की सौगातें प्रदान की है।
कार्यक्रम में क्षेत्रीय सांसद उम्मेदा राम बेनीवाल, पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री कैलाश चौधरी, जैसलमेर विधायक छोटूसिंह भाटी ने अपने संबोधन में नई रेल सेवा तथा रेल कार्यों के लिए अश्विनी वैष्णव का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के प्रारंभ में महाप्रबंधक-उत्तर पश्चिम रेलवे अमिताभ ने सभी अतिथियों का साफा पहनाकर स्वागत किया। समारोह में फलौदी विधायक पब्बाराम विश्रोई, पोकरण विधायक महंत प्रतापपुरी सहित, निवर्तमान जिला प्रमुख प्रतापसिंह सोलंकी, भाजपा जिलाध्यक्ष दलपत हिंगड़ा के साथ सेना, बीएसएफ एवं एयरफोर्स के अधिकारियों व जवानों की उपस्थिति रही। प्रारंभ में स्कूली बच्चों ने देशभक्तिपूर्ण सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दी। बाद में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेन्द्रसिंह शेखावत ने जैसलमेर स्टेशन के पुनर्विकास कार्य के निरीक्षण के दौरान आगमन व प्रस्थान प्लाजा, बिल्डिंग मैनेजमेंट सर्वर रूम, एयर कोनकोर्स का जायजा लिया एवं कार्यों की सराहना की।
Updated on:
29 Nov 2025 08:54 pm
Published on:
29 Nov 2025 08:54 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
