
फलसूंड. गिरफ्तार आरोपी व उपस्थित पुलिस बल।
पोकरण. गत 29 जून को फलसूंड गांव में शिव रोड पर स्थित कब्रिस्तान में दो पक्षों के बीच हुए विवाद, झगड़े, खूनी संघर्ष व एक युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी पिता-पुत्र को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार 29 जून को गांव के कब्रिस्तान में दो पक्षों के बीच विवाद हुआ। इसमें एक पक्ष के लोगों ने दूसरे पक्ष के युवक पर एसयूवी चढ़ा दी। पुरानी रंजिश को लेकर हुए विवाद में दांतल के खेतासर निवासी फारुखखां पुत्र उमरखां पर मेहबूबखां वगैरह ने एसयूवी चढ़ाई। जिससे वह गंभीर घायल हुआ और जोधपुर में उपचार के दौरान मौत हो गई। जिस पर उस पक्ष की ओर से हत्या, मारपीट का मामला दर्ज करवाया गया। साथ ही दूसरे पक्ष ने भी मारपीट व झगड़े का मामला दर्ज करवाया।
पिता-पुत्र को किया गिरफ्तार
मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान के निर्देशानुसार अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नीतेश आर्य व पुलिस उपाधीक्षक कैलाश विश्रोई के सुपरविजन में फलसूंड थानाधिकारी भंवरलाल विश्रोई के नेतृत्व में कांस्टेबल रामलाल, सवाईसिंह, पुरखाराम, हरचंदराम, बंशीलाल, भागीरथ, विशनकुमार, सूरजपालसिंह, देवाराम, साइबर सैल के हेड कांस्टेबल भीमरावसिंह की टीम का गठन किया गया। टीम ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए जगह-जगह दबिशें दी। पुलिस ने हत्या व मारपीट के आरोपी स्वामीजी की ढाणी निवासी मेहबूबखां पुत्र शकूरखां व शकूरखां पुत्र गुलाबखां को शनिवार शाम गिरफ्तार कर रविवार को न्यायालय में पेश किया। जहां उन्हें गहन पूछताछ के लिए 3 दिन तक पुलिस अभिरक्षा में रखने के आदेश दिए गए। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है।
Published on:
3 Jul 2023, 8:04 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.