जैसलमेर

तन, मन से 1 साल करनी है मेहनत, कांग्रेस सरकार का हर स्तर पर करें विरोध : शेखावत

- मोबाइल टॉर्च की रोशनी में जनाक्रोश आंदोलन रथ यात्रा में मंत्री ने किया संबोधित- महंत के बाद मंत्री ने भी दोहरा दी अप्रेल में चुनाव की बात

2 min read
Dec 11, 2022
तन, मन से 1 साल करनी है मेहनत, कांग्रेस सरकार का हर स्तर पर करें विरोध : शेखावत

पोकरण. केन्द्रीय जल शक्ति मंत्री गजेन्द्रसिंह शेखावत ने कहा कि अब चुनाव में ज्यादा समय नहीं रहा है। इसलिए सभी कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर जनविरोधी कांग्रेस की सरकार का विरोध करना है और हर स्तर पर आंदोलन कर भाजपा को सत्तारूढ़ करना है। मंत्री शेखावत ने क्षेत्र के दांतल गांव में शनिवार देर शाम जनाक्रोश आंदोलन रथ यात्रा के तहत आयोजित सभा को संबोधित करते हुए कहा कि 4 वर्ष पूर्व विधानसभा चुनाव के दौरान साढ़े 3 करोड़ मतदाताओं में से मात्र डेढ़ लाख मतों के अंतर से भाजपा सत्ता से बाहर रही। राजस्थान में सत्तारूढ़ हुई कांग्रेस की सरकार ने 4 सालों में प्रदेश के विकास को ठप कर दिया। यहां न तो धरातल पर कोई योजना लागू हो सकी, न ही किसी जनप्रतिनिधि ने इसमें रुचि दिखाकर कार्य किया। उन्होंने कहा कि राजस्थान में अपराध दिनोंदिन बढ़ता जा रहा है। लोग समस्याओं से त्रस्त और परेशान हो रहे है। जबकि सरकार मूकदर्शक बनी हुई है। उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है जब भाजपा के सभी कार्यकर्ता एकजुट हों और जनविरोधी सरकार के गलत निर्णयों व विफलताओं को आमजन तक पहुंचाकर आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा के पक्ष में अधिकाधिक मतदान करवाएं तथा भाजपा को सत्तासीन करें। इस मौके पर भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य महंत प्रतापपुरी महाराज, पूर्व विधायक शैतानसिंह राठौड़, पंचायत समिति सांकड़ा के प्रधान भगवतसिंह तंवर, भाजपा जिला मंत्री व यात्रा संयोजक मदनसिंह राजमथाई, ओबीसी मोर्चा जिलाध्यक्ष व यात्रा सहसंयोजक खीमाराम सुथार ने भी अपने विचार व्यक्त किए। इससे पूर्व मंत्री का दांतल गांव पहुंचने पर स्वागत व अभिनंदन किया गया। पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष उम्मेदसिंह झलोड़ा ने धन्यवाद ज्ञापित किया।
मोबाइल टॉर्च जलाकर की रोशनी
जनाक्रोश आंदोलन रथ यात्रा साढ़े 4 बजे बाद दांतल गांव पहुंचनी थी, लेकिन केन्द्रीय मंत्री गजेन्द्रसिंह शेखावत के आने की सूचना पर कुछ देर हो गई। ऐसे में साढ़े 5 बजे बाद यात्रा दांतल गांव पहुंची। वक्ताओं के संबोधन के बाद केन्द्रीय मंत्री ने संबोधित किया। तब तक काफी शाम हो चुकी थी और अंधेरा हो गया था। जिस पर उपस्थित ग्रामीणों ने मोबाइल की टॉर्च जलाकर रोशनी की। मंत्री ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट में भी 'लगातार ठंड होती रात और हाथ में टार्च! कुशासन के विरुद्ध जनता का ऐलान है यह।Ó लाइनों के साथ सरकार पर तंज कसा।
मंत्री ने भी दोहरा दी अप्रेल में चुनाव की बात
पोकरण क्षेत्र में जनाक्रोश आंदोलन रथ यात्रा की शुरुआत के समय रामदेवरा में हुई सभा के दौरान भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य महंत प्रतापपुरी महाराज ने संबोधित करते हुए दिसंबर की बजाय अप्रेल में विधानसभा चुनाव होने की बात कही थी। शनिवार देर शाम दांतल गांव में केन्द्रीय मंत्री गजेन्द्रसिंह शेखावत ने भी इसी तरह कहा। उन्होंने मारवाड़ी भाषा में संबोधित करते हुए कहा कि कार्यकर्ताओं को अब 1 साल तक संघर्ष करने की आवश्यकता है। अगले साल दिसंबर माह में चुनाव होने है। इसके बाद उन्होंने कहा कि जिस तरह के राजस्थान में हालात उत्पन्न हो रहे है। उससे लग रहा है कि कर्नाटक की तरह यहां भी मध्यावधि चुनाव ही होंगे। उन्होंने महंत के बयान का समर्थन करते हुए कहा कि अप्रेल में मात्र 4-5 महिने शेष रहे है। इसलिए कार्यकर्ताओं को ज्यादा नहीं अप्रेल तक संघर्ष करना है और चुनाव में भाजपा को जीत दिलानी है। केन्द्रीय मंत्री का यह बयान रविवार को क्षेत्र में चर्चा का विषय बना रहा और सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हुआ।

Published on:
11 Dec 2022 07:38 pm
Also Read
View All

अगली खबर