जैसलमेर

17 लाख की लागत से बनी नेहरू प्रतिमा ढाई साल से कपड़े में कैद

राष्ट्र के प्रथम प्रधानमंत्री पं. जवाहर लाल नेहरू की मंगलवार को पुण्यतिथि है।

less than 1 minute read
May 26, 2025

राष्ट्र के प्रथम प्रधानमंत्री पं. जवाहर लाल नेहरू की मंगलवार को पुण्यतिथि है। सारा राष्ट्र उन्हें इस मौके पर अपने-अपने ढंग से याद करेगा, लेकिन जैसलमेर के सबसे महत्वपूर्ण इलाके हनुमान चौराहा पर उनके नाम पर बने नेहरू पार्क में करीब ढाई साल पहले स्थापित की गई उनकी आदमकद प्रतिमा को अनावरण का अब भी इंतजार ही बना हुआ है। अब तो वह कपड़ा भी जीर्ण हो रहा है, जिससे इस प्रतिमा को कवर किया गया है। नगरपरिषद की ओर से करीब तीन करोड़ रुपए की लागत से गत वर्षों में नेहरू पार्क की कायापलट की गई थी। इसी मौके पर यहां देश के प्रथम प्रधानमंत्री पं. जवाहर लाल नेहरू की आदमकद प्रतिमा स्थापित की गई। पार्क में पं. नेहरू की 7.5 फुट ऊंची आदमकद प्रतिमा को स्थापित करवाया। जानकारी के अनुसार अष्टधातु से निर्मित यह प्रतिमा करीब 17 लाख रुपए खर्च कर यहां लगवाई गई है, जिसका वजन 790 किलो है। प्रतिमा के अनावरण को जिम्मेदार भूल गए हैं। गौरतलब है कि नेहरू पार्क में प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग भ्रमण और सुकून के पल बिताने पहुंचते हैं। इसके अलावा सर्दियों में देशी-विदेशी सैलानी भी फुर्सत में यहां आते हैं। वे सभी लोग कपड़े में लिपटी इस आदमकद प्रतिमा को इस हाल में देख कर हैरत जताए बिना नहीं रह पाते।

जल्द कदम उठाए प्रशासन

पं. नेहरू की प्रतिमा का इतने लम्बे समय तक अनावरण नहीं करवाया जाना दुर्भाग्यपूर्ण है। जिला एवं नगरपरिषद प्रशासन को इस संबंध में शीघ्रता से कार्रवाई करनी चाहिए। अन्यथा आने वाले समय में जन आंदोलन किया जाएगा।

  • अशोकसिंह तंवर, पूर्व सभापति, जैसलमेरतत्काल किया जाए अनावरणपं. नेहरू ने देश की आजादी के लिए लड़ाई लड़ी और प्रधानमंत्री के रूप में राष्ट्र निर्माण में अहम भूमिका निभाई। ऐसे महापुरुष की प्रतिमा का अनावरण तत्काल किया जाना चाहिए।
  • मेघराजसिंह बारू, पूर्व पार्षद
Published on:
26 May 2025 09:44 pm
Also Read
View All

अगली खबर