
अधिक रुपए वसूलने की सूचना, सीआईडी की टीम ने की जांच
रामदेवरा. गांव में मेले के दौरान धर्मशाला व होटल संचालकों की ओर से अधिक रुपए वसूलने की शिकायत पर सीआईडी विशेष शाखा (एसबी) की टीम ने निरीक्षण किया। सीआईडी एसबी के उपनिरीक्षक बालकिशन विश्रोई ने बताया कि वे कांस्टेबल रूपाराम के साथ गांव में स्थित होटलों व धर्मशालाओं की जांच कर रहे थे। इस दौरान वे नाचना चौराहे के पास स्थित मरुधर कुंज धर्मशाला पहुंचे। यहां कुछ यात्रियों व धर्मशाला संचालकों के बीच विवाद चल रहा था। जिस पर उन्होंने पूछताछ की, तो शिकायत मिली कि धर्मशाला संचालक की ओर से यात्रियों से जबरदस्ती अधिक रुपए वसूले की जा रही है। जबकि धर्मशाला में न तो कोई सुविधा दी जा रही है, न ही वसूल की गई राशि की रसीद दी जा रही है। उपनिरीक्षक विश्रोई के अनुसार गुजरात के अरवली जिलांतर्गत भिलोड़ा निवासी यात्री भावेशभाई पुत्र नरेन्द्रभाई ने उन्हें लिखित रिपोर्ट दी कि वह तथा उसके साथ कुछ अन्य यात्री बुधवार को सुबह साढे आठ बजे यहां आए तथा एक हॉल विश्राम के लिए लिया। इस धर्मशाला में न तो कोई सुविधाएं व व्यवस्थाएं यात्रियों को दी जा रही है। उनकी ओर से पीने के लिए पानी भी बाहर से मंगवाया गया है। बावजूद इसके धर्मशाला संचालक की ओर से उनसे पांच हजार रुपए हॉल के किराए के रूप में मांगे गए है। यात्री की रिपोर्ट के आधार पर सीआईडी की टीम ने धर्मशाला के संचालक से पूछताछ की तथा रिकॉर्ड का भी निरीक्षण किया। रिकॉर्ड में अनियमितताएं पाई गई। उन्होंने बताया कि रिकॉर्ड के अनुसार यहां ठहरने वाले यात्रियों का न तो सही रूप से पंजीयन किया जा रहा है, न ही सभी यात्रियों के पहचान से संबंधित दस्तावेज लिए जा रहे है। जबकि होटल व धर्मशाला संचालकों को बार-बार इस संबंध में हिदायत दी गई है कि वे अपने यहां ठहरने वाले सभी यात्रियों का पंजीयन करे तथा उनके पहचान संबंधी दस्तावेज लेने के बाद ही ठहरावे, ताकि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति के बारे में जानकारी मिल सके। उन्होंने धर्मशाला संचालक से समझाइश की तथा रिकॉर्ड का सही संधारण करने के कड़े निर्देश दिए। धर्मशाला संचालक ने भविष्य में रिकॉर्ड का सही संधारण करने, यहां ठहरने वाले यात्रियों का पंजीयन करने व यात्रियों का पहचान संबंधी दस्तावेज लेने का भरोसा दिलाया।
Published on:
13 Sept 2018 08:19 pm
बड़ी खबरें
View Allजैसलमेर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
