
patrika news
जैसलमेर . विद्यालयों में शैक्षणिक स्तर सुधारने के लिए अभिभावकों व विद्यार्थियों की उपस्थिति में अब शिक्षकों का मूल्यांकन होगा। वहीं उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों को प्रोत्साहित भी किया जाएगा।
जिला कलक्टर कैलाशचंद मीना ने मंगलवार को कलक्ट्रेट सभागार में हुई जिला स्कूल सलाहकार समिति, रमसा की जिला स्तरीय निष्पादक समिति व सर्व शिक्षा गतिविधियों की समीक्षा बैठक में यह निर्देश दिए। उन्होंने जिला शिक्षा अधिकारियों से कहा कि सभी प्रधानाचार्य प्रतिमाह प्रत्येक शिक्षक का शैक्षिक मूल्यांकन करवा उसको इन्टरनल मॉडल के रूप में विकसित करें। इससे विद्यालय में शिक्षा का स्तर बढ़ेगा, वहीं बोर्ड परीक्षा परिणाम में भी स्थिति सुधरेगी।
आदर्श विद्यालयों में स्थापित हो आईटीसी लैब
शिक्षा विभाग के अधिकारियों को कलक्टर ने निर्देश दिए कि वे सभी 140 आदर्श विद्यालयों में सीएसआर के तहत आईटीसी लैब स्थापित करवाना सुनिश्चित करें। इसके अलावा उत्कृष्ट विद्यालयों में भी सभी सुविधाएं विकसित कर शैक्षणिक गुणवता में सुधार लाएं तथा कम्प्यूटर लैब स्थापित करें।
कम से कम 50 प्रतिशत विद्यार्थी हो ए प्लास ग्रेड में
कलक्टर ने 5वीं व 8वीं बोर्ड परीक्षा परिणाम की ग्रेडवार समीक्षा की तो पाया कि ‘ए’ प्लस ग्रेड में विद्यार्थियों की संख्या बहुत कम थी। इसे गंभीरता से लेते हुए आगामी बोर्ड परिणाम में 50 प्रतिशत विद्यार्थी ‘ए’ प्लस ग्रेड में हों। इसके लिए अभी से सभी संस्था प्रधानों व शिक्षकों को पाबंद करें।
खेल मैदान के लिए आवंटित करावें भूमि
जिला कलक्टर ने जिला शिक्षा अधिकारी प्रारम्भिक को निर्देश दिए कि विद्यालयों में जहां खेल मैदान नहीं हैं, वे संबंधित उपखण्ड अधिकारी को प्रस्ताव भेजें। उन स्कूलों में खेल मैदानों को पंचायतीराज के माध्यम से विकसित कराने के लिए प्रस्ताव प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने मिड-डे-मील का निरीक्षण कर मीनू के अनुरूप पोषाहार दिलाने की बात कही। उन्होंने रमसा के तहत विभिन्न विद्यालयों में स्वीकृत विकास कार्य समय पर गुणवत्ता के साथ कराने, समय पर फर्नीचर खरीद करने के निर्देश दिए।
जन सहभागिता से हो विकास कार्य
कलक्टर ने जन सहभागिता विद्यालय विकास योजना के अन्तर्गत जो विकास कार्य शीघ्र पूरा कराने तथा ऐसे विद्यालयों में फर्नीचर खरीद की कार्रवाई शीघ्र करने के निर्देश दिए। इसके अलावा आदर्श एवं उत्कृष्ट विद्यालयों के लिए सभी मापदण्डों को पूरा कर स्टेट लेवल पर जिले की रैंकिंग 4 व 5वें स्तर पर रहें इस अनुसार कार्य करें।
Published on:
20 Dec 2017, 9:54 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.