7 फ़रवरी 2026,

शनिवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

छह किमी दूर ग्राम पंचायत मुख्यालय तक पहुंचने में करना पड़ता है 25 किमी का सफर

- ग्राम पंचायत मुख्यालय तक आने के लिए नहीं है पक्की सड़क- तीन गांवों की आबादी होती है परेशान

2 min read
Google source verification
छह किमी दूर ग्राम पंचायत मुख्यालय तक पहुंचने में करना पड़ता है 25 किमी का सफर

छह किमी दूर ग्राम पंचायत मुख्यालय तक पहुंचने में करना पड़ता है 25 किमी का सफर

रामदेवरा (जैसलमेर). सरकार की ओर से ग्रामीण क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाएं मुहैया करवाने के दावे किए जा रहे है, लेकिन आजादी के सात दशकों बाद भी ऐसे गांव है, जिनके वाशिंदों को अपने ग्राम पंचायत मुख्यालय तक आवागमन में पसीना बहाना पड़ता है। गत परिसीमन में नई बनी ग्राम पंचायत एकां में कुल चार राजस्व गांव है। इनमें से तीन गांवों के ग्रामीणों को पक्की सड़क के अभाव में कच्चे व रेतीले मार्गों से आवागमन कर ग्राम पंचायत मुख्यालय आना पड़ता है। जिससे उन्हें परेशानी हो रही है। रामदेवरा से अलग होकर नई ग्राम पंचायत बनी एकां में एकां, सूजासर, सरणायत व गलर चार राजस्व गांव है। सूजासर व सरणायत राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 11 से जुड़े हुए है। गलर गांव सूजासर के पास स्थित है तथा यहां आबादी निवास नहीं करती है। यहां से एकां तक छह किमी कच्चा मार्ग है। पूर्व में ग्रेवल सड़क का निर्माण करवाया गया था, लेकिन वह भी बिखर चुकी है। जिसके कारण कच्चे व रेतीले मार्ग के कारण ग्रामीणों को परेशानी हो रही है।
करना पड़ता है लम्बा सफर तय
ग्राम पंचायत मुख्यालय आने के लिए सूजासर व सरणायत के ग्रामीणों के लिए छह किमी के कच्चे मार्ग के अलावा रामदेवरा से होकर पक्की सड़क से आवागमन करना पड़ता है। जिसकी दूरी करीब 20 से 25 किमी तक है। ऐसे में ग्रामीणों को लम्बा चक्कर काटकर ग्राम पंचायत मुख्यालय तक आना पड़ रहा है। जिससे उन्हें शारीरिक व आर्थिक परेशानी होती है।
बारिश में बढ़ जाती हैै परेशानी
बारिश के मौसम में ग्रेवल व कच्चे मार्ग पर कीचड़ जमा हो जाता है। ऐसे में यहां से निकलना भी दुभर हो जाता है। इस मार्ग पर आवागमन पूरी तरह से बंद हो जाने के कारण ग्रामीणों को मजबूरन लम्बा चक्कर काटकर आना पड़ता है। बावजूद इसके इस समस्या के निराकरण को लेकर जिम्मेदारों की ओर से कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
सड़क बने, तो मिटेगी दूरियां
एकां मुख्यालय से सूजासर तक ग्रेवल व कच्ची सड़क की जगह पक्की डामर सड़क का निर्माण करवा दिया जाता है, तो यहां के वाशिंदों को राहत मिलेगी। छह किमी कच्ची सड़क पर डामर सड़क के निर्माण से सूजासर व सरणायत दोनों गांवों के वाशिंदों की ग्राम पंचायत से दूरियां मिट जाएगी। वर्तमान में सूजासर व सरणायत के ग्रामीणों को 20 से 25 किमी की दूरी तय कर एकां मुख्यालय आवागमन करना पड़ता है।
समय की होगी बचत
ग्राम पंचायत मुख्यालय जाने के लिए 25 किमी की दूरी तय करनी पड़ती है। कच्ची ग्रेवल मार्ग में भी आधा घंटा समय लग जाता है। सड़क निर्माण से समय से बचत होगी।
- हनुमानसिंह नरावत, निवासी सूजासर।
लगाना पड़ता है लम्बा चक्कर
एकां तक पक्की सड़क नहीं होने के कारण 25 किमी घूमकर जाना पड़ता है। छह किमी डामर सड़क हो जाती है, तो आमजन को राहत मिलेगी।
- सुरेन्द्र विश्रोई, निवासी सरणायत।
दिया गया है ज्ञापन
ग्राम पंचायत के माध्यम से पोकरण विधायक व अल्पसंख्यक मामलात मंत्री को ज्ञापन देकर छह किमी पक्की डामर सड़क का निर्माण करवाने की मांग की गई है। इस सड़क के निर्माण से दो गांवों के ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा मिलेगी तथा उनकी समस्या का निस्तारण होगा।
- मोहनकंवर, सरपंच ग्राम पंचायत, एकां।