14 जून 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

भादवा मेले में 50 रोडवेज बसों का प्रतिदिन किया जाएगा संचालन

भादवा मेले में फलोदी आगार करेगा विशेष व्यवस्थाएं

2 min read
Google source verification
rodvej

rodvej

पोकरण. बाबा रामदेव के अंतरप्रांतीय भादवा मेले के दौरान राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम फलोदी आगार की ओर से विभिन्न मार्गों पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए बसों का संचालन किया जाएगा। गौरतलब है कि प्रतिवर्ष भादवा मेले के दौरान बाबा रामदेव की समाधि के दर्शनों के लिए लाखों श्रद्धालु रामदेवरा आते है, जिनमें से अधिकांश श्रद्धालु पदयात्रा कर अथवा साइकिलों पर रामदेवरा पहुंचते है तथा वापसी के दौरान बसों व अन्य वाहनों से यात्रा करते है। ऐसे में रोडवेज की ओर से प्रतिवर्ष रियायती दर पर किराया वसूल कर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए दर्जनों बसों का संचालन किया जाता है। इस वर्ष भी भादवा मेले के दौरान फलोदी आगार की ओर से बसों का संचालन किया जाएगा।

50 बसों का किया जाएगा संचालन

फलोदी के आगार के मुख्य प्रबंधक लालचंद चाण्डक ने बताया कि गत वर्ष भादवा मेले के दौरान प्रतिदिन रामदेवरा से बीकानेर, नागौर, झूंझाला, जोधपुर के लिए 40 बसों का संचालन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि प्रतिवर्ष यात्रियों की बढती संख्या को देखते हुए तथा उन्हें सुरक्षित यात्रा करवाने के लिए इस वर्ष बसों की संख्या बढाए जाने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष प्रतिदिन 50 बसों का संचालन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि यात्रियों की उपलब्धता के अनुसार बसों की संख्या को बढाया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस वर्ष तीन सितम्बर से मेला शुरू होगा। उन्होंने बताया कि मेला स्पेशल बसों का संचालन तीन सितम्बर से 16 सितम्बर तक किया जाएगा। इस दौरान यात्रियों को रियायती दर पर यात्रा करवाई जाएगी। यदि प्रशासन की ओर से मेलावधि 19 अगस्त से घोषित की जाती है, तो यात्रियों की संख्या व सुविधा को देखते हुए बस सेवाएं मेलातिथि से पूर्व शुरू कर दी जाएगी।

इन रूटों पर होगा संचालन

मुख्य प्रबंधक चाण्डक ने बताया कि मेले के दौरान आगार की ओर से रामदेवरा-बीकानेर, रामदेवरा-नागौर, रामदेवरा-झूंझाला, रामदेवरा-देचू-जोधपुर आदि मार्गों पर बसों का संचालन किया जाएगा। इसके अलावा अहमदाबाद, जयपुर, दिल्ली मार्गों पर भी बसों का संचालन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि यात्रियों को 30 प्रतिशत किराया राशि में छूट दी जाएगी। जिस पर बीकानेर के लिए 210 की जगह 150, नागौर के लिए 205 की जगह 150, झूंझाला के लिए 235 की जगह 170, जोधपुर के लिए 195 की जगह 140 व फलोदी के लिए 60 की जगह 45 रुपए किराया राशि वसूल किया जाएगा।

दी जाएगी अन्य सेवाएं

उन्होंने बताया कि सभी बसें फलोदी की जगह रामदेवरा में ही ऑफ होगी तथा यहीं से बसों का संचालन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि यात्रियों की उपलब्धता पर रात्रि में भी बसों का संचालन किया जाएगा।विशेष रियायत के साथ मेला स्थल पर यात्रियों की सुविधा के लिए छाया व पानी की भी व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने बताया कि आगार परिसर में शामियाने लगाए जाएंगे। इसके अलावा ठण्डे व शुद्ध पानी की विशेष व्यवस्था कर यात्रियों को राहत दी जाएगी।

मेले से पूर्व भी शुरू की जा सकती है बसें

पूर्व में मेलावधि तीन सितम्बर से 16 सितम्बर तक घोषित की गई है, लेकिन पदयात्रियों के आने का सिलसिला मेले से पूर्व ही शुरू हो जाता है। इसी को देखते हुए जिला कलक्टर जैसलमेर को पत्र लिखकर निवेदन किया गया है कि यदि प्रशासन की ओर से घोषित मेलावधि से 15 दिन पूर्व परिवहन निगम के लिए भी 19 अगस्त से दो सितम्बर तक बढाई जाती है, तो 19 अगस्त से 16 सितम्बर तक आगार की ओर से बसों का संचालन शुरू किया जाएगा तथा संपूर्ण मेलावधि के दौरान मूल किराए में 30 प्रतिशत की रियायत दी जा सकेगी।

-लालचंद चाण्डक, मुख्य प्रबंधक रोडवेज आगार, फलोदी।