
भैंसड़ा गोशाला का एसडीएम व अधिकारियों ने किया निरीक्षण
पोकरण. क्षेत्र के भैंसड़ा गांव में स्थित हिंगलाज गोशाला का उपखंड अधिकारी व पशु चिकित्साधिकारी ने निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उपखंड अधिकारी राजेश विश्रोई ने पशु चिकित्साधिकारी डॉ.नरेन्द्रसिंह शेखावत, पशुधन सहायक मोहनसिंह व ग्राम सेवा सहकारी समिति भैंसड़ा के अध्यक्ष सवाईसिंह के साथ गोशाला का निरीक्षण किया। निरीक्षण के समय गोशाला में 681 पशु पाए गए तथा 673 पशुओं के टैग लगे हुए थे। गोशाला में टिनशेड, छाया, पानी, टांके, खेलियों, नलकूप आदि की व्यवस्था सही पाई गई। जिस पर अधिकारियों ने संतोष जताया। गोशाला में ग्वारटी, तूड़ी, पराली का पर्याप्त चारा मिला। साथ ही गोशाला में पर्यावरण संरक्षण को लेकर पर्याप्त पेड़ पौधे भी लगे हुए थे, जिन्हें देखकर अधिकारियों ने इस कार्य की सराहना की। गोशाला के प्रबंधक अशोककुमार माली ने गोशाला में तारबंदी व बिजली कनेक्शन की व्यवस्था की जानकारी दी। साथ ही गोवंश के लिए भीषण गर्मी के मौसम में छाया, पानी आदि की व्यवस्थाओं से अवगत करवाया। उन्होंने बताया कि आसपास क्षेत्र की 15 ग्राम पंचायतों में एकमात्र गोशाला संचालित हो रही है। अधिकारियों ने निरीक्षण कर प्रतिवेदन तैयार किया और व्यवस्थाओं पर संतोष जताया।
भुगतान करवाने की मांग
गोशाला के प्रबंधक माली व सहप्रबंधक केडी रतनू ने उपखंड अधिकारी विश्रोई व चिकित्साधिकारी को एक ज्ञापन सुपुर्द कर बताया कि गत पांच वर्षों से गोशाला का संचालन किया जा रहा है, लेकिन पशुपालन विभाग की ओर से अभी तक उन्हें अनुदान राशि का भुगतान नहीं किया गया है। गोशाला को पशुपालन विभाग के निदेशालय की ओर से पात्रता श्रेणी में लिए जाने तथा ढाई वर्षों से समय-समय पर उपखंड अधिकारी, तहसीलदार व अन्य अधिकारियों की ओर से निरीक्षण करने के बावजूद भुगतान नहीं किए जाने के कारण गोशाला का संचालन कर गोवंश का संरक्षण व संवर्धन करना मुश्किल हो रहा है। गोशाला की आर्थिक स्थिति खराब होने के कारण चारे पानी की व्यवस्था करना मुश्किल हो गया है। उन्होंने इस संबंध में उच्चाधिकारियों से बातचीत कर शीघ्र भुगतान करवाने की मांग की है।
Published on:
22 Jun 2021 09:02 am
बड़ी खबरें
View Allजैसलमेर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
