जैसलमेर

रक्षा संबंधी स्थायी समिति पोकरण रेंज का किया दौरा

- अग्नि शक्ति प्रदर्शन देखा

2 min read
Jan 08, 2023
रक्षा संबंधी स्थायी समिति पोकरण रेंज का किया दौरा

जैसलमेर. संसद की रक्षा संबंधी स्थायी समिति के सदस्यों का सीमांत जैसलमेर जिले का दौरा रविवार से पोकरा फील्ड फायरिंग रेंज से शुरू हुआ। इस दौरान संसद सदस्यों के प्रतिनिधिमंडल ने पोकरण फील्ड फायरिंग रेंज का दौरा किया और एकीकृत अग्नि शक्ति प्रदर्शन देखा। उन्होंने बहुमुखी और स्वदेशी निर्मित हथियार प्रणालियों को भी देखा और लक्ष्य भेदने के प्रभाव के साथ नकली युद्ध क्षेत्र की स्थिति में उनका जायजा लिया। उन्होंने भारतीय सेना द्वारा प्रशिक्षण की भविष्य की आवश्यकताओं को अपनाने के लिए रेंज में मौजूदा और नियोजित बुनियादी ढांचे के विकास की भी समीक्षा की। समिति सोमवार को जैसलमेर का दौरा करेगी। जहां उन्हें पुणे स्थित दक्षिणी कमान के सेना कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल एके सिंह आवश्यक जानकारी देंगे।
संसद की स्थायी समिति में अध्यक्ष जुआल ओराम के साथ 22 अन्य सदस्य जिले के दौरे पर आए हैं। इस समिति में कांग्रेस नेता राहुल गांधी भी सदस्य हैं। हालांकि वे यहां नहीं आए हैं। गौरतलब है कि संसद की रक्षा मामलों की स्थायी समिति में रक्षा नीतियों और रक्षा मंत्रालय के निर्णय लेने के विधायी अवलोकन के उद्देश्य से संसद के चयनित सदस्य शामिल किए गए हैं।

जिले के दौरे पर रहे मानवेन्द्र, सामाजिक कार्यक्रमोंमें की शिरकत
जेसलमेर। राज्य सैनिक कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष मानवेन्द्र सिंह शनिवार को एक दिवसीय जैसलमेर दौरे पर रहे। इस मौके पर उन्होंने जिले के बसिया क्षेत्र में विभिन्न सामाजिक कार्यक्रमों में शिरकत की। मानवेन्द्र सिंह ने कुंडा पहुंच रतनसिंह भाटी के निधन पर उनके निवास पहुंच उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि अर्पित की और परिजनों को सांत्वना दी। मानवेन्द्र सिंह ने कहा कि रतनसिंह भाटी सिद्ध पुरुष थे, जो सदैव मानव कल्याण के कार्यों में जुटे रहे। उन्होंने पुलिस सेवा में रहते हुए सामाजिक क्षेत्र में अपनी सेवाएं दी। उन्होंने ग्रामीणों से मुलाकात कर उनके हालचाल जाने। मानवेन्द्र सिंह ने झिनझिनियाली में शोकसभाओं में भाग लिया। उनकी यात्रा के दौरान पूर्व सरपंच गोवर्धन सिंह कुडा, फुटबॉल संघ उपाध्यक्ष मनोहर सिंह कुंडा उनके साथ रहे। जानकारी के अनुसार मानवेन्द्र सिंह आगामी 15 जनवरी से जैसलमेर जिले के सघन दौरे पर रहेंगे।

Published on:
08 Jan 2023 07:23 pm
Also Read
View All

अगली खबर