- बूथ व मंडल स्तर पर बैठकों में कई मुद्दोंं पर चर्चा
पोकरण. क्षेत्र के विभिन्न बूथ मुख्यालयों पर गुरुवार को सशक्त बूथ सशक्त मंडल अभियान के अंतर्गत बैठकों का आयोजन किया गया। इसमें कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर संगठन की मजबूती के लिए कार्य करने की नसीहत दी गई। क्षेत्र के एकां गांव के 5 तथा रामदेवरा मंडल के विभिन्न बूथों पर गुरुवार को बैठकें आयोजित की गई। इस दौरान बैठकों को संबोधित करते हुए भाजपा नेता पूर्व विधायक शैतानसिंह राठौड़ ने कहा कि केन्द्र में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में नीत भाजपा सरकार की ओर से प्रत्येक वर्ग के हित में योजनाओं का संचालन किया गया है। साथ ही देश विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है। बीते 9 वर्षों में देश ने तरक्की कर पूरी दुनिया में अपनी ताकत का डंका बजाया है। उन्होंने केन्द्र की योजनाओं की जानकारी जन-जन तक पहुंचाने और पात्र परिवारों को लाभान्वित करने का आह्वान किया। उन्होंने प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर प्रहार करते हुए कहा कि कांग्रेस की जनविरोधी सरकार की ओर से आमजन की समस्याओं के समाधान को लेकर कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। पानी, बिजली, चिकित्सा, शिक्षा जैसी समस्याओं से आमजन परेशान हो रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों में डामर सड़कें क्षतिग्रस्त पड़ी है। जिसके कारण आमजन का बेहाल हो रहा है। उन्होंने कांग्रेस की सरकार का हर मोर्चे पर विरोध करने एवं आगामी विधानसभा चुनाव में एकजुट होकर भाजपा को बहुमत दिलाने के लिए कार्य करने व कांग्रेस को सत्ता से बाहर करने की बात कही। उन्होंने भाजपा की नीतियों, कार्यक्रमों, गतिविधियों से भी अवगत करवाया तथा कार्यकर्ताओं को पार्टी की रीढ़ की हड्डी बताते हुए एकजुट होकर संगठन की मजबूती के लिए कार्य करने का आह्वान किया। बैठकों में भाजपा जिला उपाध्यक्ष नाथूराम विश्रोई, पदमसिंह ऐटा, रामदेवरा मंडल अध्यक्ष उम्मेदसिंह तंवर सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।