- मौसम विभाग का निकला यंत्र, लोगों ने ली राहत की सांस
लाठी. क्षेत्र के केरालिया गांव के पास एक नलकूप पर रविवार को सुबह संदिग्ध वस्तु गिरने से ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। पुलिस ने जांच के बाद जब मौसम विभाग के यंत्र की जानकारी दी तो लोगों ने राहत की सांस ली। केरालिया गांव के पास मनोहरसिंह भाटी का नलकूप स्थित है। नलकूप में आसमान से एक संदिग्ध वस्तु गिरी। सूचना पर ग्रामीणों की भीड़ लग गई और संदिग्ध वस्तु को लेकर हड़कंप मच गया। नलकूप मालिक भाटी की सूचना पर लाठी थाने से थानाधिकारी अशोककुमार के नेतृत्व में पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस बल ने जांच की तो संदिग्ध वस्तु मौसम विभाग का यंत्र निकला। जिस पर ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। थानाधिकारी विश्रोई ने बताया कि मौसम विभाग की ओर से रेडियोनोसोनडे नामक यंत्र आसमान में छोड़ जाता है। जिससे मौैसम में आर्द्रता व वायुदाब की जांच की जाती है। यह उपकरण गुब्बारे की सहायता से उड़ाया जाता है। जैसे ही गुब्बारे से हवा निकलती है तो यंत्र नीचे आकर गिरता है। सरहदी जिले में कई बार ऐसे यंत्र गिरते है। पुलिस ने यंत्र को अपने कब्जे में लिया। इस मौके पर खेमनाथ, नजीरखां, बशीर, सद्दामखां, पीराणेखां सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
पर्यावरण संरक्षण अभियान के तहत किया पौधरोपण
लाठी. जिले में पर्यावरण व प्राचीन ओरणों के संरक्षण को लेकर कार्य कर रही जिले के युवाओं की टीम ओरण की ओर से शुरू किए गए पौधरोपण महाअभियान के दो दिवसीय तृतीय चरण का समापन रविवार को किया गया। अभियान के दौरान टीम ओरण की ओर से जैसलमेर जिले के 85 गांवों में पौधा वितरण व पौधरोपण कर ओरण व वन्यजीव संरक्षण का संदेश आमजन को दिया गया। तृतीय चरण के तहत 25 गांवों को महाअभियान से जोड़ा गया। जिसकी शुरुआत धोलिया गांव में स्थित शहीद सुखराम विश्रोई के स्मारक पर उनके पिता सतुराम विश्रोई को खेजड़ी के पौधे भेंट कर की गई। जिसके बाद धोलिया, करमो की ढाणी, चांधन में विद्यालयों में बच्चों को उनके आसपास प्राचीन ओरणों, पेड़ पौधों व जीव जंतुओं के विषय में जानकारी उपलब्ध करवाई गई। साथ ही होनहार विद्यार्थियों का सम्मान भी किया गया। करमो की ढाणी में जैविक किसान कंवराजसिंह के नेतृत्व में बच्चों की ओर से पर्यावरण रैली का भी आयोजन किया गया। चांधन स्कूल व आसपास के गांवों में जैविक किसान मनोहरसिंह भाटी भैरवा व गिरधरसिंह भाटी सांवला की ओर से पौधे वितरित किए गए। दिधु में जय भवानी उच्च प्राथमिक विद्यालय में कार्यक्रम आयोजित किया गया। संस्थाप्रधान जगमालसिंह भाटी दिधु, मोहनसिंह सोलंकी भादरिया ने टीम ओरण का सम्मान किया। टीम सदस्य पार्थ जगाणी, भोपालसिंह भाटी झलोड़ा, राधेश्याम विश्रोई, दुर्गसिंह सत्याया की ओर से ग्रामीणों को ओरण के महत्व व संरक्षण की जानकारी दी गई। छायण में सरपंच गवरीदेवी, ग्रामीण स्वरूपाराम सुथार, नाथूसिंह भाटी, राहुल शर्मा की ओर से विद्यालय में पौधरोपण किया गया। तृतीय चरण में धोलिया, करमो की ढाणी, चांधन, सांवला, सगरा, भैरवा, रिदवा, हमीरा, काणोद, आइंता, देउंगा, मोहनगढ़, सेड़वा, सत्याया, ताड़ाना, आसकंद्रा, दिधु, नाचना, सांकडिय़ा, अवाय, भदडिय़ा, अजासर, चांदसर, टोटा, छायण, लोहारकी, पोकरण व खेतोलाई गांवों में पौधे वितरित किए गए। कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संरक्षण संस्था इआरडीएस फाउंडेशन व आमजन ने भी सहयोग किया तथा 500 पौधे वितरित किए गए।