
जैसलमेर के ऐतिहासिक और कलात्मक सरोवर गड़ीसर में करंट की चपेट में आने से भैंस की दर्दनाक मौत हो गई, वहीं कई मछलियों ने भी दम तोड़ दिया। दरअसल, गड़ीसर के पानी में करंट वहां अवैध रूप से पानी निकालने के लिए लगाई गई मोटर और बिजली के अवैध कनेक्शन के चलते फैला।
जानकारी के अनुसार सरोवर के पिछले हिस्से में यह घटना घटित हुई। वहां किनारे पर बने एक भवन से बिजली की तारों के जरिए पानी में मोटर छोड़ी हुई थी, जिससे पानी निकाला जा रहा था। बताया जाता है कि गड़ीसर से पानी की चोरी पिछले अर्से से की जा रही है। आरोप है कि इस बारे में लोगों ने जिम्मेदारों को अवगत भी करवाया लेकिन किसी तरह की कार्रवाई नहीं की गई। इस अनदेखी की कीमत गड़ीसर के पानी में उतरी भैंस व मछलियों ने चुकाई। गौरतलब है कि गड़ीसर क्षेत्र में भ्रमण करने प्रतिदिन बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंचते हैं। सरोवर प्रेमियों से लेकर अन्य जनों ने इस घटना पर दु:ख जाहिर करते हुए जिम्मेदार व्यक्तियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।
Updated on:
17 Dec 2025 09:05 pm
Published on:
17 Dec 2025 09:05 pm
