सांकड़ा (पोकरण). क्षेत्र के लूणा गांव के पास एक कार पलटने से उसमें सवार तीन जने घायल हो गए। जिनका सांकड़ा स्थित राजकीय अस्पताल में उपचार चल रहा है। गुजरात के आनंद जिलांतर्गत नापाड़ निवासी कुछ श्रद्धालु सोमवार को दोपहर बाद रामदेवरा दर्शन कर पुन: लौट रहे थे। इसी दौरान लूणा गांव के पास इनोवा पलट गई। जिससे उसमें सवार नापाड़ निवासी जितेन्द्रभाई (41), हसमुखभाई (43) व कनुभाई (59) घायल हो गए। सूचना मिलने पर 108 एम्बुलेंस के ईएमटी मनमोहन व पायलट श्याम माली मौके पर पहुंचे तथा तीनों घायलों को स्थानीय राजकीय अस्पताल लेकर आए। यहां उनका उपचार चल रहा है।
महंगा पड़ा यातायात नियमों को तोडऩा, काटे चालान
पोकरण. स्थानीय यातायात पुलिस ने सोमवार को जयनारायण व्यास सर्किल व शक्तिस्थल के पास नाकाबंदी के दौरान कार्रवाई करते हुए यातायात नियमों का उल्लंघन करने पर 12 वाहनों के चालान काटे। यातायात पुलिस प्रभारी खेतसिंह सांखला ने बताया कि जिला पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध अभियान चलाया जा रहा है। इसी के अंतर्गत सोमवार को कस्बे के जयनारायण व्यास सर्किल व शक्तिस्थल के पास नाकाबंदी कर वाहनों की जांच की गई। इस दौरान क्षमता से अधिक सवारियां व सामान भरने पर तीन वाहनों, बिना हेलमेट बाइक चलाने पर दो बाइक चालकों, कागजातों के अभाव में तीन वाहन चालकों, आम रास्ते पर वाहन व हाथ ठेले खड़े कर यातायात बाधित करने पर चार जनों के चालान काटे गए। उन्होंने टैक्सी चालकों व अन्य वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने के लिए पाबंद किया।