16 फ़रवरी 2026,

सोमवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

टांके का पानी बना जानलेवा, 170 भेड़ें व 7 बकरियों की मौत

नाचना क्षेत्र की ग्राम पंचायत ताड़ाना के राजस्व ग्राम केरू क्षेत्र में टांके का पानी जानलेवा साबित हुआ। फील्ड फायरिंग रेंज क्षेत्र में बने टांके का पानी पीने के बाद पहले 120 भेड़ें व 7 बकरियों की मौत हो गई थी। बाद में बीमार पड़ी करीब 50 भेड़ों ने भी दम तोड़ दिया।

2 min read
Google source verification

नाचना क्षेत्र की ग्राम पंचायत ताड़ाना के राजस्व ग्राम केरू क्षेत्र में टांके का पानी जानलेवा साबित हुआ। फील्ड फायरिंग रेंज क्षेत्र में बने टांके का पानी पीने के बाद पहले 120 भेड़ें व 7 बकरियों की मौत हो गई थी। बाद में बीमार पड़ी करीब 50 भेड़ों ने भी दम तोड़ दिया। इसी तरह कुल 170 भेड़ों व 7 बकरियों की मौत से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों का कहना है कि करीब 200 भेड़ों की पूरी रेवड़ खत्म हो चुकी है। जानकारी के अनुसार ग्राम ताड़ाना निवासी गुलाब सिंह पुत्र दुर्ग सिंह अपनी रेवड़ को राजस्व ग्राम केरू के पास फील्ड फायरिंग रेंज क्षेत्र में रखता है।

शुक्रवार को वहां बने टांके से पानी निकालकर भेड़-बकरियों को पिलाया गया। पानी पीने के कुछ समय बाद ही पशु अचानक बीमार होने लगे और दिन चढ़ने के साथ एक-एक कर दम तोड़ते गए। शाम तक 120 भेड़ें व 7 बकरियों की मौत हो गई थी, जबकि करीब 50 भेड़ें गंभीर रूप से बीमार थीं। बाद में उनकी भी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही ग्राम पंचायत ताड़ाना के पटवार मंडल के पटवारी दयालसिंह मौके पर पहुंचे और भौतिक सत्यापन कर रिपोर्ट तैयार की। सोमवार को पशु चिकित्सा विभाग की टीम व पुलिस प्रशासन भी मौके पर पहुंचा।

पशु चिकित्सा विभाग ने मृत भेड़-बकरियों का पोस्टमार्टम कर सैंपल लिए तथा टांके के पानी के नमूने भी जांच के लिए भेजे गए हैं। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। पशुपालक ने आशंका जताई है कि टांके का पानी दूषित होने से यह हादसा हुआ है। घटना से पशुपालक परिवार पर भारी आर्थिक संकट गहरा गया है। इस संबंध में पशु चिकित्सक राजकुमार गुप्ता का कहना है कि जब वे मौके पर पहुंचे तो भेड़ें मरी हुई थी। भेड़ों का पोस्टमार्टम कर जांच फॉरेंसिक साइंस लैबोरेट्री जोधपुर भिजवा दी गई है। जांच आने के बाद ही मौत के कारण का पता चलेगा।