
प्रतीकात्मक तस्वीर
जालोर जिले के बागौड़ा थाना पुलिस ने 17 लाख रुपए लेकर शादी करके भागने वाली लुटेरी दुल्हन को गिरफ्तार कर लिया है। उसे भीनमाल न्यायालय में पेश किया जाएगा। यह गुजरात के अरावली जिले की रहने वाली है। उदयपुर में शादी के पंजीयन के दिन ही दुल्हन किसी के साथ मोटरसाइकिल पर बैठकर भाग गई थी जो आज तक वापस नहीं आई। फर्जी शादी कराने वाले पांच आरोपियाें को पुलिस ने पहले ही गिरफ्तार कर लिया है।
बागोड़ा थानाधिकारी छतर सिंह ने बताया कि पुलिस ने वावड़ी जिला अरावली (गुजरात) निवासी फर्जी दुल्हन सुगनाबेन उर्फ पायल (26) पत्नी भावेश भाई को गिरफ्तार किया है। बाली (बागोड़ा) निवासी हरिसिंह पुत्र गुमानसिंह ने 2 जून 2021 को रिपोर्ट दर्ज कराई कि करीब 9 महीने पहले उसके रिश्तेदार भैरसिंह, सोमतसिंह और अन्य 3-4 लोगों ने मिलकर 17 लाख रुपए लेकर एक लड़की से शादी करवाई थी। पीड़ित ने रिपोर्ट में बताया कि विवाह पंजीयन कराने के लिए सोमतसिंह, हरिसिंह और दुल्हन को उदयपुर लेकर गया। उदयपुर से दुल्हन किसी बाइक पर बैठकर फरार हो गई।
फर्जी दुल्हन पहले से शादीशुदा, एक बेटा भी
फर्जी शादी कर रुपये हड़पने वाली लुटेरी दुल्हन सुगना बेन उर्फ पायल पहले से शादीशुदा है। उसका एक 7 वर्षीय बेटा भी है, जबकि शादी में मां बनी तारा देवी कोई अन्य ही महिला व दलालों में से कोई पिता तो कोई भाई बना था।
डेढ़ साल बाद पकड़ में आई
पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए वाडा भडवी (बागोड़ा) निवासी सोमतसिंह पुत्र मानसिंह, जुनी बाली (बागोड़ा) निवासी भेरसिंह पुत्र जवारसिंह, पाटन (गुजरात) निवासी अन्दुजी उर्फ इन्दु भाई (42) पुत्र बच्चुजी, अरवली (गुजरात) निवासी निरूभाई उर्फ दिनेश डामोर (40) पुत्र गलाभाई और खरबर (उदयपुर) निवासी पंजीदेवी (45) पत्नी भरतदास को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था लेकिन सुगनाबेन हाथ नहीं आई। पुलिस के अथक प्रयासों से डेढ़ साल बाद सुगनाबेन पकड़ी गई है।
Published on:
17 Dec 2022, 2:38 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.