
जालोर
शहर स्थित सुंदेलाव तालाब के पास स्थापित सालों पुरानी राईका समाज के गौरव सुंदर भाडक़ा की मूर्ति हटाने के मामले में समाज के लोगों ने प्रशासन को एक बार फिर अंतिम चेतावनी दी है। राईका आरक्षण संघर्ष समिति के प्रदेश अध्यक्ष मेहराराम राईका व हनुमान देवासी के नेतृत्व में समाज के लोगों ने गुरुवार शाम को कलक्टर बीएल कोठारी से मुलाकात कर सात दिन में यह मूर्ति पुन: स्थापित करवाने की मांग की है। ऐसा नहीं करने पर समाज की ओर से सुंदेलाव तालाब परिसर में आगामी 29 दिसम्बर को महापंचायत का आयोजन किया जाएगा।
इसके बाद यहां से रैली निकालकर कलक्ट्रेट के समक्ष अनशन शुरू किया जाएगा। गौरतलब है कि सुंदेलाव तालाब पर बने सरिया देवी मंदिर के ठीक पास में देवासी समाज के सुंदर भाडक़ा की प्रतिमा सालों से स्थापित थी। तत्कालीन कलक्टर एलएन सोनी के निर्देश पर जून माह में तालाब परिसर की साफ सफाई व अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान नगरपरिषद कार्मिकों ने यहां से यह मूर्ति भी हटा दी थी। जिसके बाद राईका समाज के लोगों ने इसका विरोध कर जोरदार प्रदर्शन किया था। इसके बाद मौके पर पहुंचे कलक्टर व विधायक सहित अन्य अधिकारियों ने 7 दिन में इसी स्थान पर प्रतिमा लगाने का आश्वासन दिया और इसके बाद राईका समाज के लोग शांत हुए थे।
पांच महीने बीते, बदल गए कलक्टर
गौरतलब है कि सुंदेलाव से राईका समाज के गौरव सुंदर भाडक़ा की मूर्ति हटाने के मामले को साढ़े पांच महीने बीत चुके हैं और इसके बाद कलक्टर तक बदल गए, लेकिन ना तो यहां मूर्ति दुबारा स्थापित की गई और ना ही प्रशासन ने इस बारे में कोई सख्त कदम उठाया। ऐसे में एक बार फिर गुरुवार को राईका समाज के लोगों ने कलक्टर को ज्ञापन देकर 7 दिन में प्रतिमा यथावत लगाने का अल्टीमेटम दिया है।
बार-बार दिए ज्ञापन
सुंदेलाव तालाब के पास से हटाई गई इस प्रतिमा को दुबारा यथावत लगाने के लिए राईका समाज बाड़मेर-जैसलमेर के जिलाध्यक्ष ने तत्कालीन कलक्टर व गोपालन राज्य मंत्री ओटाराम देवासी को २७ जून को ज्ञापन दिया था। इसके बाद २१ अगस्त को गोपालन राज्य मंत्री देवासी को, 8 सितम्बर को राज्य मंत्री गोवर्धन राईका ने कलक्टर को और इसके बाद जिलाध्यक्ष ने दुबारा गत गुरुवार को कलक्टर को ज्ञापन दिया।
करेंगे अनशन
सुंदेलाव तालाब तालाब से हटाई गई राईका समाज के गौरव सुंदर भाडक़ा की मूर्ति स्थापित करने के लिए अंतिम बार कलक्टर को ज्ञापन देकर सात दिन का समय दिया गया है। प्रतिमा स्थापित नहीं होने पर आगामी २१ दिसम्बर को तालाब परिसर में समाज की महापंचायत का आयोजन किया जाएगा। बाद में रैली निकालकर कलक्ट्रेट के समक्ष अनशन शुरू किया जाएगा।
- मेहराराम राईका, प्रदेशाध्यक्ष, राईका आरक्षण संघर्ष समिति
Published on:
9 Dec 2017, 11:04 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.