
ऐसे वारंटी चुनाव को प्रभावित कर सकते हैं
जांजगीर-चांपा. विधानसभा चुनाव के मद्देनजर वारंटियों की धरपकड़ तेज हो गई है। जिले में 3100 वारंटियों पर पुलिस ने डेरा डालना शुरू कर दिया है। क्यों कि ऐसे वारंटी चुनाव को प्रभावित कर सकते हैं।
जिले में वारंटियों की संख्या कम होने का नाम नहीं ले रही है। बल्कि ऐसे लोगों की संख्या बढऩे लगी है। बीते विधानसभा चुनाव में जहां 2400 वारंटी थे। वहीं पांच साल बाद ऐसे वारंटियों की संख्या छह सौ बढ़कर 3100 तब जा पहुंचा है। हालांकि केवल एक माह में ही पुलिस ने 300 वारंटियों को गिरफ्तार कर कोर्ट की राह दिखाई है। फिर भी जिले के 19 थानों में 3100 वारंटी पुलिस के लिए चुनौती बने हुए हैं। नवंबर-दिसंबर में प्रस्तावित विधानसभा चुनाव के चलते वारंटियों को सलाखों के पीछे पहुंचाना जरूरी हो गया है। एसपी नीतु कमल एवं एएसपी पंकज चंद्रा ने ऐसे लोगों पर नकेल कसने सभी थानों में अभियान छेडऩे का आदेश दिया है।
जिले के 19 थानों में अभी भी 3100 स्थायी वारंटी हैं। वहीं आमद माह में तकरीबन 200 वारंटी सूची में दर्ज की गई है। पुलिस ऐसे लोगों को पकडऩे अब अभियान चलाना शुरू कर दिया है। पुलिस अब एक सूत्रीय कार्य वारंटियों को पकडऩे का कर रही है। पुलिस ऐसे लोगों के ठिकाने में लगातार दबिश दे रही है, वहीं गांवों में मुखबिरों को भी सक्रिय कर दिया गया है। इसके बावजूद वारंटी पुलिस को चकमा दे रहे हैं।
हर रोज पकड़ा रहे दर्जना वारंटी
जिले में वारंटियों पर पुलिस पैनी नजर जमाए हुए बैठी है। इनके खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। जिले के 19 थानों के प्रभारियों को अल्टीमेटम दिया गया है कि वे हर हाल में वारंटियों की धरपकड़ जरूर करें। इसके लिए एक-दो कर्मचारियों को वारंट तामिल के लिए लगाया गया है। कर्मचारी हर रोज वारंटियों को पकड़कर ला रहे हैं और कोर्ट के सुपुर्द कर रहे हैं। कई लोगों को कोर्ट से जमानत मिल रही है तो कई लोगों को जेल की हवा भी खानी पड़ रही है।
चलेगा अभियान
वारंटियों को गिरफ्तार करने के लिए जिले के सभी 19 थानों के पुलिस को अलर्ट किया गया है। रोज दर्जनों वारंटी पकड़े जा रहे हैं। चुनाव के मद्देनजर इनकी संख्या में कमी लाने भरपूर कोशिश की जा रही है।
- पंकज चंद्रा, एएसपी
Published on:
01 Sept 2018 07:10 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
