
मुसीबत में हैं तो डायल कीजीए 112 फिर तुरंत मिलेगी सहायता
जांजगीर-चांपा. संजीवनी एक्सप्रेस की तरह जिले में 'डायल 112 वैन' की सुविधा जिले में बहुत जल्द मिलने वाली है।
कहीं भी दुर्घटना या मारपीट की घटना जैसी अप्रिय घटना की सूचना मिली तो यह वैन मात्र 10 मिनट के भीतर घटना स्थल पहुंच जाएगी। लॉ-एंड- आर्डर जैसी स्थिति से निपटने के लिए इस तरह की वैन मील का पत्थर साबित होगी। इसके लिए सारी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। यहां तक कि यहां के वाहन चालकों को प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है। जरूरत है तो बस जिला मुख्यालय में इसके रख रखाव के संसाधन की। जिले को चार वैन मिल सकती हैं। जिसका उपयोग प्रत्येक सब डिविजन स्तर पर किया जाएगा।
चार साल पहले पुलिस विभाग ने पेट्रोलिंग वाहन 109 की सुविधा दी थी। यह वाहन अब पूरी तरह से खटारा हो चुके हैं। कई वैन पुलिस लाइन में खड़े सड़ रहे हैं। अब और भी फास्ट डायल '112Ó वैन की सुविधा मिलन जा रही है। इसके लिए कार्य योजना बनाई जा चुकी है। हाल ही में एसपी नीतु कमल के द्वारा जिले के 19 थाना क्षेत्र के सब इंस्पेक्टर व इंस्पेक्टरों को कार्यशाला आयोजित कर पूरी जानकारी भी दी जा चुकी है।
कुछ दिनों में इस वैन की युविधा जिलेवासियों को मिलने वाली है। इसके लिए प्रदेश के 27 जिले में 12 जिलों को सुविधा दी जाएगी। जिसमें जांजगीर चांपा जिले का नाम शामिल किया गया है। इस वैन के उपयोग के लिए जिले में क्लस्टर सिस्टम लागू कर पांच हिस्सों में विभाजित किया जाएगा। चार से पांच थानों को जोड़कर एक क्लस्टर बनाया जाएगा।
जिसमें एक क्लस्टर में एक वैन उपलब्ध रहेगी। जो कहीं भी लॉ-एंड- आर्डर जैसी स्थिति की सूचना मिलने पर फौरन 10 मिनट के भीतर घटना स्थल पर पहुंचेगी और लोगों की मदद करेगी। वैन में पांच कर्मचारी मौजूद रहेंगे। जो किसी भी स्थिति से निपटने के लिए सक्षम रहेंगे। गौरतलब है कि जांजगीर चांपा जिले का नाम अपराध के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
सड़क दुर्घटना के अलावा चोरी, लूट, हत्या जैसे गंभीर अपराधों में निरंतर आगे बढ़ रहा है। इसके चलते यहां बेहतर पुलिसिंग के लिए शासन स्तर से सुविधाएं बढ़ाई जा रही है। पहले की अपेक्षा बल की संख्या भी बढ़ाई गई है। इसके अलावा सुविधा संसाधन भी बढ़ाए जा रहे हैं। ताकि अपराधों में अंकुश लगाया जा सके।
ऐसे काम करेगी वैन
यदि कहीं सड़क दुर्घटना हो रही है तो मौके पर लोगों की मदद के लिए पुलिस वैन या संजीवनी एक्सप्रेस की जरूरत पड़ती है। ऐसे समय के लिए डायल 112 वैन फायदेमंद साबित होगी। इसी तरह किसी गांव में कोई बलवा, लूटपाट, डकैती जैसी किसी भी तरह की गंभीर घटना होती है तो इस वाहन का उपयोग किया जाएगा।
Published on:
11 Jun 2018, 1:14 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.