सोमवार की दोपहर कलेक्टोरेट परिसर में तब हड़कंप मच गया, जब कलेक्टर जनदर्शन में सरपंच-सचिव की शिकायत करने पहुंची तरौद गांव की महिला कोटवार ने खुद पर मिट्टी तेल उड़ेलकर खुदकुशी करने की कोशिश की। कोई बड़ी घटना हो पाती, इससे पहले आसपास मौजूद लोगों ने तत्परता से उसकी जान बचा ली। कुछ देर बाद महिला कोटवार को कलेक्टर से मिलवाया गया, तब उसके मामले में कलेक्टर ने जांच कराने के बाद उचित कार्रवाई करने की बात कही। इधर, इस मामले में जांजगीर पुलिस ने महिला कोटवार के खिलाफ आत्महत्या की कोशिश का अपराध दर्ज किया है।