
खुश खबर : इस क्षेत्र के मरीजों को जल्द मिलेगी बेहतर चिकित्सा सुविधा, शासन ने दी हरी झंडी
जांजगीर-चांपा. नवागढ़ विकासखंड के ग्राम केरा में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खोलने शासन ने हरी झंडी दे दी है। बहुत जल्द क्षेत्र के मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधा का लाभ मिलेगा। अभी तक यहां प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र संचालित हो रहा है। सब कुछ ठीक रहा तो यहां छह माह के भीतर अस्पताल काम करना शुरू कर देगा। क्योंकि सरकार ने इस आदेश पर मोहर लगा दी है। जरूरत है केवल सेटअप की। यदि डॉक्टर की कमी दूर कर ली जाए तो यह अस्पताल काम करना शुरू कर देगा।
जिले में अब तक 10 सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र संचालित हैं। सभी नौ विकासखंड को छोड़कर खरौद अस्पताल को सीएचसी का दर्जा प्राप्त है। अब ग्यारहवें सीएचसी के रूप में आदर्श ग्राम केरा का नाम शामिल किया गया है। सरकार ने इस अस्पताल का दर्जा बढ़ा दिया है। जरूरत है तो केवल डॉक्टर व स्टॉफ की। इसकी पूर्ति होने के बाद केरा क्षेत्र के मरीजों को चिकित्सा के क्षेत्र में बेहतर सुविधा मिलना शुरू हो जाएगा।
सेटअप के मुताबिक सीएचसी में चार विशेषज्ञ डॉक्टरों के अलावा दो मेडिकल ऑफिसर व दस नर्सिंग स्टॉफ की जरूरत है। इसके लिए आवश्यक तैयारियां की जा रही है। जानकारी के अनुसार शासन ने भवन निर्माण के लिए खनिज विभाग को आदेशित किया है।
भवन बनने के बाद अस्पताल में मरीजों का इलाज शुरू हो जाएगा। हालांकि जब स्वास्थ्य विभाग की तैयारी पूरी हो जाएगी, तब लोकार्पण की व्यवस्था के लिए पूरा तामझाम होगा। इसके बाद अस्पताल शुरू होगा। अस्पताल में सुविधा बढऩे के बाद मरीजों को अच्छे इलाज के लिए नवागढ़ के सीएचसी पर निर्भर होना नहीं पड़ेगा। वर्तमान स्थिति में क्षेत्र के लोगों को 20 किलोमीटर दूर नवागढ़ के सीएचसी या 30 किलोमीटर दूर जिला अस्पताल में इलाज कराना पड़ रहा है। दूरी की वजह से मरीजों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कई मरीजों की जान आफत में पड़ जाती है।
Published on:
30 Jul 2018, 4:00 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.