
जांजगीर-पहरिया. बलौदा क्षेत्र के नवागांव से खम्हरिया लौट रहे बारातियों से भरी पिकअप रविवार की शाम पांच बजे रैनपुर गांव के पास मोड़ में अनियंत्रित होकर पलट गई। इससे पिकअप में सवार दो नाबालिग बच्चों की मौत हो गई। एक की मौके पर ही मौत हुई तो वहीं एक मासूम की रास्ते में मौत हो गई।
दो की हालत गंभीर होने से उन्हें सिम्स रेफर किया गया है। दोनों की हालत गंभीर बनी हुई है। वहीं एक दर्जन गंभीर रूप से घायल बारातियों को जिला अस्पताल में व इतने ही घायलों को बीडीएम अस्पताल चांपा में भर्ती कराया गया है। घटना स्थल के अलावा जिला अस्पताल व बीडीएम अस्पताल में परिजनों का चींख पुकार चल रहा है। तीनों स्थानों में माहौल गमगीन है।
बलौदा पुलिस के अनुसार बाराद्वार थाना क्षेत्र के खम्हरिया निवासी यादव परिवार की बारात बलौदा क्षेत्र के नवागांव बारात आई थी। 35 बाराती पिकअप में खचाखच भरे थे। बाराती रविवार की शाम पांच बजे शादी निपटाकर अपने गांव खम्हरिया लौट रहे थे। वे रैनपुर क्रास कर मोड़ के पास पहुंचे थे। तभी खतरनाक मोड़ में पिकअप क्रमांक सीजी १० सी ९५३५ लोड अधिक होने की वजह से अनबेलेंस हो गई। जिससे पिकअप मोड़ में पलट गई।
वाहन पलटने से उसमें सवार जगदीश पिता मोहन लाल (१६) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं गंभीर रूप से घायलों में शिवम पिता पंचराम सहित एक दर्जन बारातियों को जिला अस्पताल व बीडीएम अस्पताल चांपा में भर्ती कराने ले जा रहे थे तभी रास्ते में शिवम (१२) की मौत हो गई। जिला अस्पताल में दो लोगों की हालत गंभीर होने पर सिम्स रेफर किया गया है। इसके अलावा एक दर्जन गंभीर मरीजों का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस ने पिकअप चालक के खिलाफ धारा २७९, ३३७, ३०४ ए के तहत जुर्म दर्ज किया है।
Published on:
25 Mar 2018, 8:34 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.