
हर्षोल्लास से मनाया गया रामनवमी का पर्व, जशपुर में निकला विशाल भव्य जुलूस
जशपुरनगर. जिले भर में रामनवमी का त्यौहार हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। जिला मुख्यालय जशपुर में अलग-अलग क्षेत्रों से आकर्षक झाकियां निकाली गई। शनिवार को जिला मुख्यालय में रामनवमी का जुलूस बस स्टैण्ड स्थित हनुमान मंदिर से शाम चार बजे निकाला गया।
भक्ति में डूबे हिंदू धर्मालंबी युवकों ने जय श्री राम का नारा लगाते हुए जुलूस का आगाज किया। जुलूस में हजारों की संख्या में सभी आयु वर्ग के लोग उपस्थित थे। साथ ही महिलाएं भी उपस्थित थीं। रामनवमी का भव्य जुलूस हनुमान मंदिर से निकलकर बस स्टैण्ड होते हुए, बिरसामुंडा चौक के बाद कव्वाली मैदान पहुंची। जहां अखाडा लगा कर विभिन्न टोलियों ने आने शौर्य का प्रदर्शन करते हुए लाठी-डंडों के साथ विभिन्न हथियारों से हैरतअंगेज करतब दिखाए।
मुस्लिम सहित अन्य समाज ने किया स्वागत
महावीर मंदिर से निकले शोभायात्रा का जगह-जगह स्वागत किया गया। शोभायात्रा के कव्वाली मैदान के पास पंहुचने पर बड़ी संख्या में उपस्थित मुस्लिम युवाओं ने जुलूस का स्वागत करते हुए सभी को शरबत पिलाया और त्यौहार की मुबारकबाद दी। जुलूस यहां से निकलकर बनियाटोली होते हुए महाराजा चौक पहुंची, जहां जैन समाज के लोगों ने शोभायात्रा का स्वागत किया। बालाजी मंदिर के पास बालाजी जन कल्याण समिति के द्वारा इस बार शोभा यात्रा में शामिल होने वालो को शरबत के साथ-साथ फल का भी वितरण किया। शहर में जगह-जगह लोगों ने ठंडे पानी और शरबत का इंतजाम जुलूस में शामिल लोगों के स्वागत सत्कार के लिए कर रखा था। इससे लोगों में आपसी भाईचारे व सौहार्द का अच्छा शंदेश दिया।
सुरक्षा में मुस्तैद रही पुलिस
हजारों की भीड़ में किसी तरह की अप्रिय घटना को होने से रोकने व संपूर्ण सुरक्षा मुहैया कराने के उद्देश्य से बस स्टैण्ड के हनुमान मंदिर से लेकर रणजीता स्टेडियम तक चप्पे-चप्पे में पुलिस मुस्तैद रही। पुरूष पुलिस बल के साथ ही महिला पुलिस बल की भारी संख्या में मौजूदगी रही। जिले भर में शांतिपूर्वक और धूमधाम से रामनवमी का त्यौहार मनाया गया।
Published on:
14 Apr 2019 11:10 am
बड़ी खबरें
View Allजशपुर नगर
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
