27 मार्च 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

CG Crime News: 8.39 लाख का बारदाना घोटाला उजागर, 33 हजार से ज्यादा बोरियों की हेराफेरी, पुलिस ने दो आरोपियों को दबोचा

Crime News: जशपुर जिले के कांसाबेल थाना क्षेत्र में सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) से जुड़े बारदानों के बड़े गबन का मामला सामने आया है, जिसने प्रशासनिक व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। करीब 8.39 लाख रुपए मूल्य के 33 हजार 850 जूट बारदानों की हेराफेरी के इस मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी रिजवान अली और खरीदार सुधीर साहू को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

2 min read
Google source verification
पुलिस ने दो आरोपियों को दबोचा (फोटो सोर्स- पत्रिका)

पुलिस ने दो आरोपियों को दबोचा (फोटो सोर्स- पत्रिका)

CG Crime News: जशपुर जिले में सार्वजनिक वितरण प्रणाली, पीडीएस से जुड़े बारदानों, जूट की बोरियों के बड़े गबन का मामला उजागर हुआ है। इस मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी रिजवान अली और बारदानों के खरीदार सुधीर साहू को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। आरोपियों ने 33 हजार 850 नग पीडीएस बारदानों का गबन किया, जिनकी कुल कीमत 8 लाख 39 हजार 500 रुपए आंकी गई है। मामला थाना कांसाबेल क्षेत्र का है, जहां जिला विपणन अधिकारी की रिपोर्ट पर पुलिस ने भादवि की धारा 408, 420 और 411 के तहत अपराध दर्ज कर पूरे मामले की जांच शुरू की थी।

मामले में पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, 8 सितंबर 2025 को प्रार्थी अजय कुमार ठाकुर 47 वर्ष, जिला विपणन अधिकारी छत्तीसगढ़ राज्य सहकारी विपणन संघ जशपुर ने थाना कांसाबेल में लिखित आवेदन प्रस्तुत कर रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि वर्ष 2022-23 में शासकीय उचित मूल्य दुकानों से पीडीएस बारदानों के संकलन हेतु आरोपी रिजवान अली को अनुबंध के आधार पर परिवहन का कार्य सौंपा गया था। लेकिन आरोपी ने कांसाबेल विकासखंड की दुकानों से बारदानों का संकलन करने के बाद उन्हें विपणन संघ कुनकुरी के गोदाम में जमा नहीं किया, और शासकीय संपत्ति का गबन कर लिया।

टीम गठित कर जांच के दिए थे आदेश

शिकायत के बाद कलेक्टर जशपुर द्वारा गठित जांच समिति ने मामले की जांच की, जिसमें पाया गया कि आरोपी ने 33 हजार 580 बारदानों का गबन किया है। प्रति बारदाना 25 रुपए की दर से कुल राशि 8 लाख, 39 हजार, 500 रुपए होती है। जांच रिपोर्ट के आधार पर थाना कांसाबेल में अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई।

रिमांड पर जेल भेजे गए दोनों आरोपी

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक लाल उमेद सिंह के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस टीम आरोपियों की तलाश में सूरजपुर और अंबिकापुर रवाना हुई। कार्रवाई के दौरान मुख्य आरोपी रिजवान अली 37 वर्ष, निवासी ग्राम देवल्ला पारा, मानपुर थाना सूरजपुर को सूरजपुर से हिरासत में लिया गया, जबकि बारदानों के खरीदार सुधीर साहू 42 वर्ष, निवासी मठ पारा, अंबिकापुर से गिरफ्तार किया गया। पुलिस पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अपराध स्वीकार कर लिया। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद उन्हें विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गयाए जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

आंकड़ों पर एक नजर

  • कुल गबन- 33 हजार 850 बारदाने, बोरियां
  • बारदानों की कुल कुल कीमत 8 लाख, 39 हजार, 500 रुपए
  • बरामद - 4000 बारदानें और पिकअप वाहन
  • आरोपियों में लगाई गईं धाराएं- 408, 420, 411 भादंवि
  • थाना क्षेत्र- कांसाबेल, जिला जशपुर।

वाहन भी जब्त

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त पिकअप वाहन क्रमांक एमपी 65 जीए 0244 तथा 4000 नग बारदान भी जब्त किए हैं। पुलिस अब शेष बारदानों की बरामदगी के प्रयास में जुटी हुई है और मामले की जांच जारी है। इस पूरी कार्रवाई में उप निरीक्षक अशोक यादव, सहायक उप निरीक्षक राजेश कुमार यादव, आरक्षक राजकुमार भगत, सुभाष चंद्र बोस और नगर सैनिक जोगेंद्र यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

मामले में आगे और भी खुलासे संभव हैं, तथा शेष बारदानों की बरामदगी के लिए कार्रवाई जारी है। - लाल उमेद सिंह, एसएसपी जशपुर।