जिले के दुलदुला विकास खण्ड में स्थित प्रसिद्व धार्मिक पर्यटन स्थल शारदाधाम के विकास के लिये नगर पालिका जशपुर की उपाध्यक्ष प्रियावंदा सिंह जूदेव ने पहल किया है।
शारदाधाम समिति के संरक्षक कलेश्वर सिंह द्वारा यहां चल रहे निर्माण कार्यो और समस्याओं की जानकारी दिए जाने पर प्रियंवदा शनिवार को शारदाधाम पहुंची।
यहां उन्होनें चल रहे मंदिर निर्माण कार्य की जानकारी लेने के साथ ही समिति के पदाधिकारियों से यहां आने वाले श्रद्वालुओं की सुविधा और पर्यटन के विकास के संबंध में चर्चा की।
शारदाधाम दुलदुला विकास खण्ड के ग्राम पंचायत जामपानी के डेवपानी के जंगल में गिरमा नदी के तट पर छत्तीसगढ़ और झारखण्ड की सीमा पर स्थित है।
यहां वर्ष 1993 में गुजरात के संत असीमानंद ने इस शारदाधाम की स्थापना की थी। शारदाधाम दोनों प्रांतों के लोगों को श्रद्वा और प्रेम के डोर में बांधे हुए हैं। शारदाधाम में बसंत पंचमी के अवसर पर विशेष धार्मिक आयोजन किया जाता है। यहां काफी भीड़ होती है।