
Breaking यूपी के जौनपुर में बड़ा हादसा: ट्रक, ट्रेलर, बाइक औऱ साइकिल की जबरदस्त भिड़ंत में चार की मौत
जौनपुर. मछलीशहर कोतवाली अंतर्गत जंघई मार्ग पर कोतवाली क्षेत्र के ताजुद्दीनपुर गांव के पास सोमवार को सवेरे हृदय विदारक सड़क दुर्घटना में वृद्ध उसके बेटे और पौत्र की मौत हो गई। हादसा तब हुआ जब तेज रफ्तार ट्रेलर ने बाइक सवार लोगों को रौंद दिया। एक अन्य साइकिल सवार भी चपेट मेें आने से जख्मी हो गया। ट्रेलर के पीछे फंसी बाइक और शवों को निकालने के लिए पुलिस को क्रेन की सहायता लेनी पड़ी। परिजनों और ग्रामीणों के आक्रोश के चलते पुलिस घंटों बाद शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज सकी।
दरअसल, मीरगंज थाना क्षेत्र के मेदपुर बनकट निवासी रामधारी पाल (65) की तबीयत खराब थी। पुत्र नागेंद्र पाल (40) और पौत्र शशिकांत पाल उर्फ लाले (20) उन्हें बाइक पर बैठाकर उपचार के लिए मछलीशहर ले जा रहे थे। बाइक पौत्र शशिकांत चला रहा था। करीब सवा दस बजे विकास खंड कार्यालय से पहले ताजुद्दीनपुर गांव के पास पहुंचे ही थे कि मछलीशहर की तरफ से तेज गति से आ रहे ट्रेलर ने रौंद दिया। तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद अनियंत्रित ट्रेलर साइकिल पर भूसा लादकर जा रहे ताजुद्दीनपुर गांव के ही राज कुमार पाल (45) को भी रौंदते हुए सड़क के किनारे खेत में चला गया।
राजकुमार पाल के दोनों पैर कट गए। चालक और खलासी फरार हो गए। अंदेशा जताया जा रहा है कि ट्रेलर चालक को झपकी आ जाने से हादसा हुआ। मौके पर परिजनों के पहुंचते ही कोहराम मच गया। सैकड़ों की संख्या में आक्रोशित ग्रामीण भी जुट गए। दुर्घटना की जानकारी होते ही कार्यवाहक उप जिलाधिकारी जगदंबा प्रसाद सिंह, क्षेत्राधिकारी अवधेश कुमार शुक्ला, तहसीलदार संतोष कुमार, कोतवाल राजेश कुमार सिंह के अलावा मीरगंज, पंवारा और सर्किल के अन्य थानों की फोर्स मौके पर पहुंच गई। आक्रोशित भीड़ मृतकों के परिजनों को 15 लाख रुपये और घायल को पांच लाख रुपये मुआवजे की मांग कर रहे थे। पुलिस ने क्रेन बुलाकर ट्रेलर में फंसे शवों को निकाला। भीड़ को समझा-बुझाकर शांत करने में पुलिस को खासी मशक्कत करनी पड़ी। घंटों बाद पुलिस शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज सकी।
by जावेद अहमद
Updated on:
9 Apr 2018, 6:46 PM IST
Published on:
9 Apr 2018, 1:03 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.