झाबुआ. अयोध्या प्रकरण में सुप्रीम कोर्ट के आने वाले निर्णय के मद्देनजर प्रशासन पूरी तरह से अलर्ट हो गया है। व्यवस्थाओं की समीक्षा को लेकर प्रशासन और पुलिस की संयुक्त बैठक हुई। इसमें बारिक से बारीक चीजों पर चर्चा हुई। सभी एसडीएम और पुलिस अधिकारियों से कहा गया है कि वे अभी से ऐसे इलाके चिह्नित कर लें जहां भीड़भाड़ रहती है या फिर वे संवेदनशील है। उन स्थानों पर उपद्रव की स्थिति में इस्तेमाल में आने वाली सामग्री जैसे पत्थर-ईंट आदि को हटाया जाएगा। संवेदनशील इलाकों के घरों की छत पर भी ऐसी सामग्री नहीं रखने दी जाएगी। जिले के साथ मप्र को गुजरात व राजस्थान राज्य से जोडऩे वाली सीमा पर भी विशेष सतर्कता बरती जाएगी। जिससे कोई शरारती तत्व यहां प्रवेश न कर सके।
दरअसल प्रशासन किसी तरह की चूक नहीं चाहता। लिहाजा कलेक्टर प्रबल सिपाहा व एसपी विनीत जैन ने कलेक्टोरेट सभाकक्ष में सभी एसडीएम, तहसीलदार, नायब तहसीलदार, एसडीओपी, थाना व चौकी प्रभारी की संयुक्त बैठक लेकर उन्हें आवश्यक दिशा निर्देश दिए। अधिकारियों से कहा गया है कि वे खुला पेट्रोल बेचने वालों के विरुद्ध कार्रवाई होगी। क्योंकि इसका उपयोग अन्य कार्य के लिए हो सकता है। सभी पेट्रोल पंप संचालकों को भी हिदायत दी गई है कि वे किसी भी व्यक्ति को खुला पेट्रोल न दें। जिले में जहां भी पट्रोल पंप से पेट्रोल लेकर उसे छोटी बोतल व केन में बेचने वालों के विरुद्ध कार्रवाई करने के साथ संग्रहित पेट्रोल को जब्त किया जाए। अधिकारियों को यह भी कहा गया हैकि वे अपने वाहन में सुरक्षा संबंधी उपकरण जैसे हेलमेट, मास्क, लाठी, रस्सा, टॉर्च, पीएस सिस्टम, हूटर, मेडिकल किट आदि लेकर चलें। ताकि आवश्यकता पडऩे पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई की जा सके और कानून व्यवस्था की स्थिति पर नियंत्रण पाया जा सके।