झाबुआ. मप्र की 1.29 करोड़ लाडली बहनों के खाते में शनिवार को खुशियों की नौवीं किस्त के रूप में 1576 करोड़ से अधिक राशि जमा हो गई। मंडला में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने सिंगल क्लिक के जरिए बहनों के खाते में राशि अंतरित की। चूंकि प्रधानमंत्री नरेंद्र नाथ के झाबुआ में कार्यक्रम के चलते महिला एवं बाल विकास मंत्री निर्मला भूरिया झाबुआ में थी, लिहाजा वे यहीं से कर्चुअली आयोजन का हिस्सा बनी। उनके साथ इंदौर कमिश्नर मालसिंह भयड़िया भी मौजूद थे।
दोपहर करीब 12 बजे कार्यक्रम की शुरुआत हुई। खास बात ये है कि महिला एवम् बाल विकास मंत्री निर्मला भूरिया ने अपने साथ सामाजिक सुरक्षा पेंशन और लाडली बहना योजना की हितग्राहियों को भी बैठाया। इस कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने लाडली बहनों के खाते में राशि अंतरित की। इसके बाद विभिन्न पेंशन योजना के कुल 69 हजार 81 हितग्राहियों के खाते में 4 करोड़ 14 लाख 48 हजार 600 पेंशन जमा की गई। झाबुआ से वर्चुअल कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास मंत्री निर्मला भूरिया के साथ ही संभागायुक्त मालसिंह भयड़िया, जिला पंचायत सीईओ रेखा राठौड़, महिला एवं बाल विकास अधिकारी राधूसिंह बघेल आदि मौजूद रहे।
हेलीपेड से लोगों के बीच से होते हुए मंच पर पहुचेंगे प्रधानमंत्री
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कार्यकम स्थल पर पहुंचकर स्थानीय प्रशासन और जन प्रतिनिधियों से रोड मैप जाना
झाबुआ. जनजाति महासभा में शामिल होने आ रहे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लेने शनिवार शाम मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव झाबुआ पहुंचे। उन्होंने पहले कार्यक्रम स्थल का जायजा लिया। फिर स्थानीय प्रशासन के मंत्रियों और व्यवस्था की बागडोर स्थल रहे भाजपा संगठन के पदाधिकारियों से व्यवस्थाओं का पूरा रोड मैप जाना।
प्रस्तावित कार्यक्रम के तहत प्रधानमंत्री हेलीपेड से अपने वाहन में सवार होकर रोड शो की तरह जनता के बीच से होते हुए मंच पर पहुचेंगे। इस दौरान आदिवासी नर्तक दल भी उनके स्वागत में आगे आगे नृत्य करते हुए चलेगा। प्रधानमंत्री मोदी के स्वागत में होने वाली पुष्प वर्षा भी सुरक्षा एजेंसियों की हरी झंडी मिलने के बाद ही की जाएगी।आधे घंटे तक किया व्यवस्थाओं पर मंथन
मुख्यमंत्री ने आधे घंटे तक कार्यक्रम स्थल पर मीटिंग लेते हुए व्यवस्थाओं पर मंथन किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्रीजी का स्वागत स्थानीय आदिवासी जनप्रतिनिधि करेंगे। उन्होंने अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।इस दौरान जब आईडीए अध्यक्ष जयपाल सिंह चावड़ा ने बताया कि प्रधानमंत्रीजी जनता के बीच से होते हुए पीछे के हिस्से में विभिन्न योजनाओं और विकास कार्यों का शिलान्यास करेंगे। ऐसे में मौजूद अधिकारी बोले जनता के बीच से आकर यदि वे यहां रुकते हैं तो इसमें कुछ देरी हो सकती है। उनकी इस बात का मप्र लोकसभा चुनाव के प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह ने भी समर्थन किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जी को सीधे मंच पर जाना ही सही होगा। चावड़ा ने दीप प्रज्वलन की बात कही तो डॉ महेंद्र सिंह ने इसके लिए साफ मना कह दिया।