झाबुआ. फल-फूल की खेती ज्यादा करें। इससे हर किसान की किस्मत चमक जाएगी। यह बात राज्य मंत्री सूर्यप्रकाश मीणा ने कॉलेज मैदान पर आयोजित जिला स्तरीय किसान सम्मेलन में कही। वे प्रभारी मंत्री विश्वास सारंग घर में गमी होने के कारण उनकी जगह आए।
नागरिक आपूर्ति निगम उपाध्यक्ष देवराज सिंह परिहार ने कहा कि गांव में रास्ते अटल सरकार ने दिए। किसानों को कार्ड दिलवाए। देश की सबसे कीमती गेहूं फसल है। अचार, पापड़, बड़ी की संस्थाएं भी बनाएं। पानी रोको अभियान इंदौर में सुमित्रा महाजन ने चालू किया। इसकी शुरुआत झाबुआ में भी होना चाहिए। भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष अंजू माखीजा ने कहा कि केंद्र और प्रदेश की सरकार दूरदर्शिता से काम कर रही हैं। तीन साल से कृषि अवार्ड प्रदेश को मिला। 68 फीसदी योजनाएं महिलाओं के लिए बनाई हैं, लेकिन सम्मेलन में महिलाएं कम आईं। आगे से महिलाओं को भी भागीदार बनाएं। तभी समग्र विकास हो पाएगा।
कलेक्टर आशीष सक्सेना ने कहा कि आय दोगुनी करनी है तो फसल भी दोगुनी करनी होगी। इसके लिए पानी चाहिए। पानी सहेजने के लिए नदियों का पानी रोकना होगा। जिसे छोटे-छोटे स्टॉप डेम बनाकर रोका जा सकता है। हर गांव में बलराम पाटीदार जैसा किसान होना चाहिए। पशु पालन, कड़कनाथ की पैदावार बढ़ाएं। फलदार पेड़ और सब्जियां लगाएं। कैशलेस की आदत डालें। मोबाइल से पैसा देना सिखाएं। सिखाने वाले को 10 और सीखने वाले को 5 रुपए दिए जाएंगे। सम्मेलन के दौरान मुख्यमंत्री का लाइव भाषण दिखाया गया। विभिन्न योजनाओं से हितग्राहियों को लाभांवित किया गया। कार्यक्रम में विधायक शांतिलाल बिलवाल, निर्मला भूरिया, कल सिंह भाबर, भाजपा जिला अध्यक्ष दौलत भावसार, नपा अध्यक्ष धनसिंह बारिया आदि उपस्थित थे।