खानपुर. झालावाड़ जिले के खानपुर कस्बे के चांदखेड़ी में सोमवार दोपहर को गहने चमकाने के नाम पर दो अज्ञात बदमाश 10 तौला सोने के जेवर पार कर फरार हो गए। महेंद्र कुमार जैन पुत्र कन्हैयालाल ने बताया कि दोपहर 2 बजे करीब दो अज्ञात व्यक्ति दुकान पर आए व धातू के बरतन गहने साफ करने की बात की।
इस पर उसने ताम्बे का पुराना लौटा साफ करने को दिया तो बदमाशों ने उस चमका दिया। इसके बाद विश्वास में आकर बदमाशों को दुकान से सटे घर से पत्नी लक्ष्मी ने दो सोने की चूड़ियां, कान के दो एरन व टोकरियां करीब 10 तोला सोने के जेवर दे दिए। बदमाश जेवरों को कटोरदान में रखकर गरम करने रसोई में ले गए। जहां बदमाशों ने वाॅशिंग पावडर मांगा। जैन ने बताया कि वह पावडर लेकर रसोई में आया। तो बदमाशों ने कटोरदान उसे देकर 10 मिनट बाद खोलने को कहा, कुछ देर में आने की कहकर दोनों बदमाश फरार हो गए। 10 मिनट बाद कटोरदान खोलने पर जेवर नहीं मिले, तो उसे ठगी का अहसास हुआ। मकान से बाहर आकर बदमाशों को ढूंढा, नहीं मिलने पर पुलिस को मामले की जानकारी दी। सीआई रामकिशन गोदारा ने बताया की घटनास्थल पहुंच कर चांदखेड़ी मंदिर के दक्षिणी दरवाजे पर लगे सीसीटीवी खंगाल कर आरोपियों की तलाश में टीम गठित की है।