11 अप्रैल 2026,

शनिवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

53 ATM कार्ड, 35 चेकबुक से करते थे ठगी, भवानीमंडी व्यापार महासंघ का महामंत्री है मास्टरमाइंड, कई राज्यों में फैला है अपराध का जाल

Rajasthan Crime News: झालावाड़ में साइबर ठगी के बड़े नेटवर्क का खुलासा करते हुए पुलिस ने म्यूल खातों के जरिए करोड़ों की धोखाधड़ी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

2 min read
Google source verification
Cyber Criminal Arrested

गिरफ्तार आरोपी और साइबर ठगी के लिए प्रयोग की गई सामग्री (फोटो: पत्रिका)

Cyber Crime Gang Busted: झालावाड़ जिले में साइबर अपराध पर बड़ा प्रहार करते हुए भवानीमंडी पुलिस ने करोड़ों रुपए की ठगी से जुड़े एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया है। म्यूल बैंक खातों के जरिए देशभर में ठगी को अंजाम देने वाले इस नेटवर्क में शामिल तीन शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरोह लंबे समय से सुनियोजित तरीके से काम कर रहा था और इसके तार कई राज्यों तक फैले हुए हैं। गिरफ्तार आरोपियों में एक भवानीमंडी व्यापार महासंघ में महामंत्री पद पर है।

पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने बताया कि साइबर अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत गठित टीम ने तकनीकी विश्लेषण, बैंक ट्रांजेक्शन की जांच और गोपनीय सूचना के आधार पर संदिग्ध खातों की पहचान की। जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी फर्मों और आम लोगों के बैंक खाते पैसे देकर खरीदते या किराए पर लेते थे और उन्हें म्यूल अकाउंट के रूप में इस्तेमाल करते थे।

जांच के बाद पुलिस ने रामनगर निवासी ललित राणा पुत्र दिनेश राणा, अजय विश्वकर्मा पुत्र बद्रीलाल तथा पचपहाड़ निवासी राजेश कुमार पुत्र रमेशचंद्र को गिरफ्तार किया है। उनके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4), 316(2) और आईटी एक्ट की धारा 66डी के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

भारी मात्रा में सामान बरामद

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 53 एटीएम कार्ड, 35 चेक बुक, 6 बैंक पासबुक, 9 सिम कार्ड, एक लैपटॉप और 1 लाख 54 हजार 800 रुपए नकद बरामद किए हैं। गिरोह बड़ी संख्या में खातों का संचालन कर संगठित तरीके से ठगी कर रहा था।

ऐसे छिपाते थे ठगी का पैसा

सीआई प्रमोद कुमार के अनुसार आरोपी ठगी की रकम को एक ही खाते में नहीं रखते थे, बल्कि उसे तेजी से अलग-अलग खातों में ट्रांसफर कर देते थे। बाद में एटीएम और अन्य माध्यमों से नकदी निकाल ली जाती थी, जिससे जांच एजेंसियों को ट्रांजेक्शन ट्रेस करने में मुश्किल होती थी।

कई राज्यों में जुड़े तार

पुलिस उपाधीक्षक प्रेम कुमार चौधरी ने बताया कि इन खातों से जुड़े कई राज्यों में साइबर फ्रॉड की शिकायतें दर्ज हैं। शुरुआती जांच में करोड़ों रुपए के लेनदेन के संकेत मिले हैं, जिससे अंदेशा है कि गिरोह बड़े अंतरराज्यीय नेटवर्क का हिस्सा है।

पदाधिकारी मास्टरमाइंड

मामले में गिरफ्तार आरोपियों में राजेश राठौड़ भवानीमंडी व्यापार महासंघ में महामंत्री पद पर है। पुलिस के अनुसार वही इस गिरोह का मास्टरमाइंड है। उसके और अन्य खातों के पिछले 5 वर्षों के लेनदेन की जांच की जा रही है।

आमजन से अपील

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि अपने बैंक खाते किसी भी अनजान व्यक्ति को किराए पर न दें और न ही किसी लालच में आकर अपनी बैंकिंग जानकारी साझा करें। ऐसा करना आपको सीधे साइबर अपराध में शामिल कर सकता है।

बड़ी खबरें

View All

झालावाड़

राजस्थान न्यूज़

ट्रेंडिंग