
घटना की जानकारी लेती पुलिस और इनसेट में मृतक युवक की फाइल फोटो: पत्रिका
Kota Highway Accident: राजस्थान के झालावाड़ जिले के झालरापाटन क्षेत्र में मंगलवार रात को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। जिसका अस्पताल में इलाज चल रहा है। हादसा कोटा हाईवे स्थित पुलिस ट्रेनिंग स्कूल के पास हुआ जहां आमने-सामने से आ रही दो बाइकों की जोरदार भिड़ंत हो गई। दुर्घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और वहां मौजूद लोगों की भीड़ जमा हो गई।
पुलिस के अनुसार कोटा जिले के आलनिया निवासी शोभा बाई अपने रिश्तेदार खुमान उर्फ बबलू के साथ मंगलवार दोपहर रामकुंड बालाजी के दर्शन करने गई थीं। दर्शन करने के बाद दोनों बाइक से वापस अपने घर लौट रहे थे। रात करीब 8 बजे जब वे झालरापाटन क्षेत्र में पुलिस ट्रेनिंग स्कूल के पास पहुंचे तभी सामने से तेज रफ्तार में आ रही दूसरी बाइक से उनकी बाइक टकरा गई।
दूसरी बाइक पर मध्य प्रदेश के पिपलिया गरोठ निवासी 35 वर्षीय महावीर सवार था। महावीर फर्नीचर का काम करता था और रामगंजमंडी में एक साइट देखने के बाद दूसरी साइट का निरीक्षण करने के लिए झालरापाटन जा रहा था। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तुरंत एसआरजी चिकित्सालय झालावाड़ पहुंचाया गया। अस्पताल में जांच के बाद डॉक्टरों ने महावीर को मृत घोषित कर दिया। वहीं खुमान और शोभा बाई का उपचार शुरू किया गया लेकिन देर रात करीब 3 बजे इलाज के दौरान खुमान ने भी दम तोड़ दिया। शोभा बाई की हालत अभी गंभीर बनी हुई है और उनका इलाज जारी है।
पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को मोर्चरी में रखवाकर परिजनों को सूचना दे दी है। आज सुबह पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी करके शव परिजनों को सौंप दिए। पुलिस हादसे के कारणों की जांच में जुटी हुई है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को दुर्घटना का कारण माना जा रहा है।
दोनों मृतकों के शव जैसे ही उनके घर पहुंचे परिजनों में चीख-पुकार मच गई। परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। गांव और मोहल्ले में मातम का माहौल छा गया। मृतक खुमान उर्फ बबलू की मौत की खबर सुनते ही रिश्तेदार और आसपास के लोग बड़ी संख्या में उसके घर पहुंच गए। वहीं महावीर के घर भी शोक की लहर दौड़ गई। परिजन बार-बार हादसे को याद कर बिलखते नजर आए।
Updated on:
27 May 2026 01:45 pm
Published on:
27 May 2026 01:25 pm
बड़ी खबरें
View Allझालावाड़
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
