
युवक मनीष बैरागी की फाइल फोटो: पत्रिका
Lover Attempt Suicided: झालावाड़ जिले के अकलेरा घाटोली थाना परिसर के बाहर शुक्रवार दोपहर एक युवक ने विषाक्त पदार्थ खाकर आत्महत्या का प्रयास कर लिया। युवक को गंभीर हालत में पहले अकलेरा सेटेलाइट अस्पताल ले जाया गया जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
घाटोली थानाधिकारी अजय कुमार शर्मा ने बताया कि बकानी थाना क्षेत्र निवासी मनीष बैरागी ने करीब आठ दिन पहले रिपोर्ट दी थी कि उसकी पत्नी उसके साथ नहीं जा रही है। इस पर घाटोली थाना क्षेत्र की महिला भूली बाई को थाने बुलाया गया तो वह युवक की प्रेमिका निकली युवती के बयान भी लिए गए थे। बयान के दौरान महिला ने युवक के साथ जाने से इनकार कर दिया था, जिसकी वीडियोग्राफी भी करवाई गई थी।
थानाधिकारी ने बताया कि संबंधित महिला युवक की पत्नी नहीं बल्कि प्रेमिका थी। मनीष बैरागी पहले से शादीशुदा है तथा उसके दो बच्चे भी हैं। वहीं भूली बाई भी विवाहिता है। बयान के बाद युवक अपने घर चला गया था, जबकि महिला अपनी बहन के साथ घाटोली क्षेत्र के देवरी चंचल गांव चली गई थी।
पुलिस के अनुसार शुक्रवार दोपहर करीब 2 बजे युवक दोबारा घाटोली थाने पहुंचा और थाने के बाहर ही सल्फास की गोलियां खा लीं। घटना के बाद पुलिसकर्मियों ने तत्काल युवक को अकलेरा सेटेलाइट अस्पताल पहुंचाया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। युवक का जिला अस्पताल में उपचार जारी है।
वहीं दूसीर घटना में झालावाड़ के मनोहर थाना क्षेत्र के जावर थाना इलाके में टोडाखेडा के पास एक युवक का करीब एक सप्ताह पुराना क्षत-विक्षत शव मिला। सूचना पर जावर थाना प्रभारी सुनील वर्मा पुलिस दल सहित मौके पर पहुंचे और शव की पहचान में जुटे। शव के निकट एक मोटरसाइकिल भी पड़ी मिली।
देर शाम तक क्षत-विक्षत शव की पहचान बारां जिले के देहलनपुर निवासी 30 वर्षीय छोटू लाल भील पुत्र मंगला भील के रूप में हुई। थाना प्रभारी सुनील वर्मा ने बताया कि शव एक सप्ताह पुराना होने के कारण क्षत-विक्षत स्थिति में था। मृतक के परिजनों ने मोटरसाइकिल और कीपैड मोबाइल के आधार पर शव की पहचान की। परिजनों ने बताया कि छोटू लाल भील शराब का सेवन करता था और मोटरसाइकिल से इधर-उधर घूमता रहता था। वह एक सप्ताह पूर्व घर से गया था और तब से नहीं लौटा था। शव को मनोहर थाना स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) की मोर्चरी में रखवाया गया है।
Updated on:
23 May 2026 09:52 am
Published on:
23 May 2026 09:52 am
