26 मई 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

झालावाड़: हिस्ट्रीशीटर बल्लू गुर्जर को पैदल ले जाकर कराई घटनास्थल की तस्दीक, अवैध संपत्तियों पर चल चुका बुलडोजर

Jhalawar News: प्लॉट पर कब्जा कर 10 लाख रुपए की रंगदारी मांगने के मामले में गिरफ्तार हिस्ट्रीशीटर आरोपी रामलाल उर्फ बल्लू गुर्जर को सुनेल पुलिस ने घटनास्थल पर ले जाकर तस्दीक कराई।

2 min read
Google source verification
history sheeter ballu gurjar

फोटो पत्रिका नेटवर्क

सुनेल (झालावाड़)। प्लॉट पर कब्जा कर 10 लाख रुपए की रंगदारी मांगने के मामले में गिरफ्तार हिस्ट्रीशीटर आरोपी रामलाल उर्फ बल्लू गुर्जर को सुनेल पुलिस ने घटनास्थल पर ले जाकर तस्दीक कराई। इस दौरान तकनीकी कारणों से पुलिस वाहन खराब हो गया, जिसके चलते पुलिसकर्मियों को आरोपी को पैदल ही घटनास्थल तक ले जाना पड़ा।

सीआई विष्णु सिंह ने बताया कि आरोपी रामलाल उर्फ बल्लू गुर्जर मंगलवार तक पुलिस रिमांड पर है। रिमांड अवधि के दौरान पुलिस मामले से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जांच कर रही है और आरोपी से पूछताछ जारी है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने एक प्लॉट पर पत्थर डलवाकर कब्जा करने का प्रयास किया था और कब्जा हटाने की एवज में 10 लाख रुपए की मांग कर रहा था। मामले में आरोपी के खिलाफ सुनेल थाने में प्रकरण दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया था।

पुलिस टीम आरोपी को लेकर घटनास्थल पहुंची, जहां कब्जे और पत्थर डालने से जुड़े तथ्यों की तस्दीक की गई। इसी दौरान तकनीकी खराबी के चलते पुलिस वाहन बंद हो गया, जिसके बाद पुलिसकर्मियों ने आरोपी को पैदल ले जाकर कार्रवाई पूरी की।

अवैध संपत्तियों पर चल चुका बुलडोजर

गौरतलब है कि हाल ही में पुलिस ने जिले में सक्रिय अपराधियों, हिस्ट्रीशीटरों और हार्डकोर बदमाशों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के तहत अपराधों से अर्जित संपत्तियों, सरकारी जमीनों पर किए गए अवैध कब्जों और अवैध निर्माणों की जानकारी जुटाई। इसी क्रम में पुलिस और प्रशासन ने संयुक्त रूप से यह बड़ी कार्रवाई की थी।

हार्डकोर अपराधी भेरू उर्फ भैरूलाल गुर्जर और उसके भाई बल्लू उर्फ रामलाल गुर्जर द्वारा सुनेल-झालरापाटन मुख्य मार्ग पर सार्वजनिक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) की बेशकीमती सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा कर आलीशान मकान और अन्य निर्माण किए गए थे। इसके अलावा हिस्ट्रीशीटर अर्जुन गुर्जर द्वारा भी इसी मुख्य मार्ग पर सरकारी भूमि पर कब्जा कर चार अवैध दुकानों का निर्माण कराया गया था।

प्रशासन ने आरोपी रामलाल उर्फ बल्लू गुर्जर और उसके भाई हार्डकोर अपराधी भेरु उर्फ भेरूलाल गुर्जर की अवैध संपत्तियों पर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई भी की थी। देखते ही देखते दो आलीशान मकान, चार दुकानें और अन्य अवैध निर्माण मलबे में तब्दील हो गए। क्षेत्र में हिस्ट्रीशीटर अपराधियों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है।