24 मई 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Udaipur News : पुलिस और तस्करों के बीच मुठभेड़, चली ताबड़तोड़ गोलियां, क्षेत्र में फैली दहशत

Udaipur Drug Smuggling Case : उदयपुर जिले के सायरा थाना इलाके में शनिवार देर रात पुलिस और मादक पदार्थ तस्करों के बीच मुठभेड़ में दोनों तरफ से ताबड़तोड़ फायरिंग हुई। गोलियां चलने से आसपास के क्षेत्र में दहशत फैल गई।

2 min read
Google source verification
Udaipur Drug Smuggling Case

सायरा पुलिस जब्त माल के साथ। फोटो पत्रिका

उदयपुर। जिले के सायरा थाना इलाके में शनिवार देर रात पुलिस और मादक पदार्थ तस्करों के बीच मुठभेड़ में दोनों तरफ से ताबड़तोड़ फायरिंग हुई। गोलियां चलने से आसपास के क्षेत्र में दहशत फैल गई। पुलिस ने नाकेबंदी के दौरान एक एसयूवी से करीब 1 करोड़ रुपए कीमत का 421 किलोग्राम डोडा-चूरा बरामद किया। हालांकि रात के अंधेरे और घने जंगल का फायदा उठाकर तस्कर मौके से फरार हो गए।

पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन ने बताया कि अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सायरा थानाधिकारी कानाराम सीरवी रणकपुर रोड पर मजावड़ा के पास नाकाबंदी कर रहे थे। पुलिस टीम संदिग्ध वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान सामने से तेज रफ्तार से एक एसयूवी आती दिखाई दी। पुलिस ने चालक को रुकने का इशारा किया, लेकिन तस्करों ने वाहन की रफ्तार और बढ़ा दी।

तस्करों ने किए पुलिस पर आठ राउंड फायर

तस्कर नाकाबंदी तोड़कर आगे निकल गए और खुद को घिरता देख पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। तस्करों ने पुलिस पर करीब आठ राउंड फायर किए। अचानक हुई इस फायरिंग के बाद पुलिस ने भी तुरंत मोर्चा संभाला। पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई करते हुए तीन राउंड फायर किए। पुलिस की एक गोली तस्करों की एसयूवी के कांच पर जा लगी। । इसके बावजूद तस्कर अपनी गाड़ी को तेज रफ्तार में भगाते रहे। इसके बाद । रात के अंधेरे का फायदा उठाकर तस्कर वाहन छोड़कर पहाड़ी रास्ते से रणकपुर के जंगलों की ओर भाग निकले।

22 कट्टों में मिला 421 किलो डोडा चूरा

पीछा कर रही पुलिस टीम ने जब लावारिस एसयूवी की तलाशी ली तो उसमें प्लास्टिक के 22 कट्टे भरे मिले। कट्टों को खोलने पर उनमें 421 किलो अवैध डोडा चूरा बरामद हुआ। पुलिस ने मादक पदार्थ को वाहन सहित जब्त कर लिया। सायरा थाना पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट और पुलिस पर हमला करने सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है। फरार तस्करों की तलाश के लिए जंगल क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया गया। इस कार्रवाई में पुलिस जाप्ता भी मौजूद रहा।

थानाधिकारी के साथ एएसआई राजेन्द्र सिंह, हेड कांस्टेबल जगदीश कुमार, नरेंद्र सिंह, मनोज मीणा, पुष्पराज सिंह, रूपाराम और निम्बाराम सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे। पुलिस ने आसपास के क्षेत्रों में तलाशी अभियान तेज कर दिया है और संदिग्धों पर नजर रखी जा रही है।