24 मई 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Rajasthan: नाकाबंदी देख भागे तस्कर: 200 की रफ्तार में दौड़ती लग्जरी कार पलटी, दो क्विंटल डोडा पोस्त बरामद

Nagaur Drug Seizure Case : नागौर जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मूण्डवा थाना पुलिस ने रविवार को कार्रवाई करते हुए दो क्विंटल अवैध डोडा पोस्त बरामद कर दो तस्करों को गिरफ्तार किया।

2 min read
Google source verification
Nagaur Drug Seizure Case

भडाणा गांव में उलटी पड़ी तस्करों की कार। फोटो पत्रिका

Nagaur Drug Seizure Case : नागौर जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मूण्डवा थाना पुलिस ने रविवार को कार्रवाई करते हुए दो क्विंटल अवैध डोडा पोस्त बरामद कर दो तस्करों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों से एक लग्जरी कार और 15 हजार 500 रुपए नकद भी जब्त किए हैं। बरामद अवैध डोडा पोस्त की कीमत करीब 30 लाख रुपए है। थानाधिकारी सुरेश कुमार चौधरी ने बताया कि आरोपी अलाय निवासी सतीश गिला (25) पुत्र रामनिवास तथा गुड़ा भगवानदास निवासी देवेंद्र (25) पुत्र दुलाराम को गिरफ्तार किया है।

नाकाबंदी देख बदला रास्ता, गांव में घुसाई कार

पुलिस के अनुसार कंट्रोल रूम से सूचना मिलने पर मूण्डवा पुलिस ने राष्ट्रीय राजमार्ग-58 पर नाकाबंदी की। पुलिस ने बेरिकेड्स लगाने के साथ एक ट्रेलर भी सड़क पर खड़ा करवाया, ताकि तस्कर किसी भी तरह बचकर निकल नहीं सकें।

कुछ ही देर में तेज रफ्तार लग्जरी कार वहां पहुंची। नाकाबंदी देखकर कार में सवार तस्करों को समझ आ गया कि बचकर निकलना मुश्किल है। ऐसे में उन्होंने अचानक यू-टर्न लिया और राजमार्ग छोड़कर गांव की तरफ कार दौड़ा दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार करीब 200 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से दौड़ रही थी। छुट्टी का दिन होने से सड़क पर भीड़ कम थी अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था।

संतुलन बिगड़ा तो पलटी कार

भागने के दौरान राम झूंपड़ा के पास तेज गति के कारण कार अनियंत्रित होकर पलट गई। कार सती माता मंदिर की दीवार से टकराकर रुकी। जोरदार धमाका सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे। कार में सवार दोनों युवक सुरक्षित बाहर निककर भागने लगे। इसी दौरान मूण्डवा पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।

ग्रामीणों की मदद से दबोचा

पुलिस ने ग्रामीणों के सहयोग से आरोपियों की तलाश शुरू की। दोनों युवक गांव में छिपे हुए थे। इस दौरान एक बालक ने पुलिस को सूचना दी कि दो युवक एक बाड़े में दुबके बैठे हैं। पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर दोनों तस्करों को पकड़ लिया।

सीटें हटाकर छिपाया था अवैध डोडा पोस्त

पुलिस ने कार की तलाशी ली। कार में पिछली सीटें हटाकर बनाई गई जगह में अवैध डोडा पोस्त के कट्टे भरे मिले। मौके पर वजन करने पर करीब दो क्विंटल माल निकला। पुलिस ने वैध डोडा पोस्त, लग्जरी कार और 15 हजार 500 रुपए नकद जब्त किए। मामले की आगे की जांच कुचेरा थानाधिकारी हबीब खां को सौंपी गई है।