
पुलिस की गिरफ्त में डोडा पोस्त तस्कर। फोटो- पत्रिका
जोधपुर। जोधपुर ग्रामीण पुलिस की डीएसटी टीम ने अवैध डोडा पोस्त तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 70 किलो डोडा पोस्त से भरी एक कार जब्त की है। कार्रवाई के दौरान तस्कर ने गिरफ्तारी से बचने के लिए पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए आरोपियों को खेतों में घेरकर पकड़ लिया। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लोडेड पिस्टल और जिंदा कारतूस भी बरामद किए हैं।
यह वीडियो भी देखें
जिला पुलिस अधीक्षक जोधपुर ग्रामीण पी.डी. नित्या ने बताया कि जिले में अवैध मादक पदार्थ और हथियार तस्करों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी के तहत डीएसटी प्रभारी श्रवणकुमार भंवरिया के नेतृत्व में टीम को कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे।
डीएसटी टीम को सूचना मिली थी कि मेड़ता-जोधपुर स्टेट हाईवे-21 पर एक संदिग्ध कार में डोडा पोस्त की तस्करी की जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस थाना बोरूंदा के साथ गढ़सूरिया घाटी और नवनिर्मित थाना परिसर के पास दो स्थानों पर नाकाबंदी की गई। देर रात एक संदिग्ध कार वहां आती दिखाई दी। पुलिस ने कार को रुकवाने का प्रयास किया, लेकिन चालक नाकाबंदी तोड़कर पीपाड़ शहर की तरफ भाग निकला।
इसके बाद डीएसटी और बोरूंदा थाना पुलिस ने पीछा शुरू किया। पुलिस ने आगे-पीछे वाहन लगाकर कार को घेर लिया। खुद को घिरता देख चालक कार छोड़कर खेतों की तरफ भाग गया। डीएसटी प्रभारी श्रवणकुमार भंवरिया और उनकी टीम ने पीछा किया तो आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। इस दौरान पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए हवाई फायर किए। बाद में खेतों में घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया गया।
पुलिस ने कार की तलाशी ली तो उसमें से 69 किलो 800 ग्राम अवैध डोडा पोस्त बरामद हुआ। वहीं आरोपी चालक के कब्जे से एक पिस्टल और तीन जिंदा कारतूस जब्त किए गए। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की गई कार को भी जब्त कर लिया।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बंशीलाल बिश्नोई निवासी जालेली चम्पावता थाना डांगियावास और मांगीलाल बिश्नोई निवासी ओलवी थाना कापरड़ा के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी पहले भी मादक पदार्थ तस्करी और अवैध हथियार रखने के मामलों में जेल जा चुके हैं। फिलहाल पुलिस आरोपियों से डोडा पोस्त और हथियारों की खरीद-फरोख्त को लेकर पूछताछ कर रही है।
Published on:
10 May 2026 07:19 pm
बड़ी खबरें
View Allजोधपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
