4 अप्रैल 2026,

शनिवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Kota: लग्जरी कार में महिलाएं कर रही थी तस्करी, पान मसाले के बैग में भर रखा था 41 KG डोडा-चूरा, गिरफ्तार

Kota Gramin Police Action: तलाशी के दौरान कार में पान मसाले के चार बैग मिले, जिनमें डोडा चूरा भरा हुआ था। इस पर पुलिस ने पंजाब के संगरूर निवासी परमजीत कौर (47) और लुधियाना निवासी गुलशन कौर (40) को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया।

2 min read
Google source verification

कोटा

image

Akshita Deora

Apr 04, 2026

Drug Trafficking

गिरफ्तार महिलाएं और कार की फोटो: पत्रिका

2 Women Arrested In Drug Trafficking Case: कोटा ग्रामीण पुलिस ने लग्जरी कार से डोडा चूरा की तस्करी करने के मामले में दो महिला तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 41 किलो 184 ग्राम डोडा चूरा और तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक लग्जरी कार भी जब्त की है। दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

हरियाणा नंबर की थी लग्जरी कार

कोटा ग्रामीण एसपी डॉ. सुजीत शंकर ने बताया कि गुरुवार को पुलिस टीम दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे के चेचट इंटरचेंज पर नाकाबंदी कर वाहनों की जांच कर रही थी । इसी दौरान हरियाणा नंबर की एक लग्जरी कार आती दिखाई दी । पुलिस को देखकर कार चालक ने अचानक वाहन की रफ्तार बढ़ा दी और मुख्य टोल की ओर मोड़कर निकलने का प्रयास किया ।

पान मसाले के बैग में छिपाकर रखा था डोडा चूरा

कार की संदिग्ध गतिविधि को देखते हुए थानाधिकारी मदन ढाका के नेतृत्व में पुलिस टीम ने वाहन को रुकवाया और उसकी बारीकी से तलाशी ली। तलाशी के दौरान कार में पान मसाले के चार बैग मिले।

जब पुलिस ने बैग खोलकर देखा तो उनमें बड़ी मात्रा में डोडा चूरा भरा हुआ था। इस पर पुलिस ने कार में सवार दो महिलाओं को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उनकी पहचान पंजाब के संगरूर निवासी परमजीत कौर (47) और लुधियाना निवासी गुलशन कौर (40) के रूप में हुई । पुलिस ने दोनों महिलाओं को मौके पर ही गिरफ्तार कर उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया ।

गरोठ के पास से एक्सप्रेस-वे पर चढ़ी थीं आरोपी

पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों महिलाएं मध्यप्रदेश के गरोठ क्षेत्र के पास से दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर चढ़ी थीं । वे डोडा चूरा की खेप को तस्करी कर लुधियाना ले जा रही थीं । फिलहाल पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि डोडा चूरा कहां से लाया गया था और इसे आगे किसे सप्लाई किया जाना था । मामले में तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है ।