
चित्तौड़ जिले में पुष्पा स्टाइल में तस्करी का खुलासा, पत्रिका फोटो
कभी पशु आहार की आड़, कभी प्याज की खुशबू में डोडा-चूरा की दुर्गंध छिपाने की कोशिश तो कभी लग्जरी कारों का रूतबा। हद तो तब हो गई जब तस्करी के इस दलदल में खाकी के रक्षक और बैंककर्मी बनकर युवक गोते लगा रहे हैं।
पुलिस की एएनटीएफ टीम ने हाल ही में एक ऐसी कार्रवाई की है जिसने सभी को चौंका दिया है। पुलिस ने जिले के शंभूपुरा थाना क्षेत्र से 10 किलो 140 ग्राम डोडा चूरा बरामद करते एक मोटरसाइकिल जब्त करते एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। मोटरसाइकिल सवार युवक को जब टीम ने रुकवाया तो युवक ने अपने गले में लटकाए आईडी कार्ड दिखाकर बोलने लगा कि में बैंककर्मी हूं।मुझे क्यों राेका है मैं लेट हो रहा हूं। मुझे किसी कस्टमर से मिलने जाना है।
युवक का हुलिया बिल्कुल एक पेशेवर बैंक कर्मचारी जैसा बना रखा था। गले में आईडी कार्ड और चेहरे पर शालीनता ताकि नाकाबंदी में कोई शक न करे। लेकिन मुखबिर की सटीक सूचना ने इस तस्कर की पोल खोल दी। तलाशी लेने पर मोटरसाइकिल पर बंधे कर्टन में 10 किलो 140 ग्राम डोडाचूरा बरामद हुआ। पुलिस ने जिला जोधपुर थाना कापरड़ा ओलवी निवासी सुनील सरगरा (25) को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से अलग-अलग नम्बरों की तीन नम्बर प्लेट भी जब्त की गई।
5 अप्रेल को जिले के निम्बाहेड़ा सदर थाना पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान एक ट्रक से पशु आहार की कवरिंग के नीचे 101 कट्टों में 20 क्विंटल 26 किलो 760 ग्राम डोडाचूरा जब्त किया। तस्कर पशु आहार की आड़ में मादक पदार्थ की तस्करी कर रहे थे। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर ट्रक जब्त किया था।
19 अप्रेल को जिले के सदर निम्बाहेड़ा पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान एक ट्रक को रोका। जिसमें प्याज के कट्टों की आड़ में पांच थैलियों में 3 किलो अफीम, एक थैली में 100 ग्राम हेरोईन ड्रग्स मिली थी। दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
लग्जरी कारों का उपयोग तस्करी में बढ़ा है। तस्करों को लगता है कि लग्जरी कारों को पुलिस वीआईपी समझकर नहीं रोकेगी। लेकिन पुलिस ने 29 अप्रेल को शहर के सदर थाना क्षेत्र में एक कार में बनाई गई विशेष स्कीम से 9 किलो 999 ग्राम अफीम बरामद की। दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। शंभूपुरा थाना पुलिस ने एक लग्जरी कार से 45 किलो डोडाचूरा बरामद किया। गंगरार पुलिस ने एक लग्जरी जीप से 435 किलो डोडाचूरा व एक किलो 200 ग्राम अफीम बरामद की।
तस्करी के इस नेटवर्क में सबसे काला अध्याय तब जुड़ा जब खुद पुलिस के सिपाही को पकड़ा गया। 5 अप्रेल को शहर के सदर थाना पुलिस ने आरएसी के एक जवान को 2 किलो अफीम के साथ गिरफ्तार किया गया। आरोपी आरएसी बटालियन प्रतापगढ़ से था।
पुलिस की जांच में सामने आया है कि इस धंधे में अब पढ़े-लिखे युवक और रसूखदार लोग शामिल हो रहे हैं। रातों-रात अमीर बनने की चाहत और लग्जरी लाइफ स्टाइल ने युवाओं को अपराध की इस अंधी गली में धकेल दिया है।
Updated on:
09 May 2026 09:16 am
Published on:
09 May 2026 09:16 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
